घर लूटा, खाना खाया, फिर दीवार पर लिख गया मैसेज… शातिर चोर गिरफ्तार

जैसलमेर : राजस्थान की स्वर्ण नगरी जैसलमेर में पुलिस ने एक ऐसे शातिर और ‘अतरंगी’ चोर को दबोचा है, जिसके कारनामे सुनकर आप भी सिर पकड़ लेंगे। यह चोर सिर्फ कीमती सामान ही नहीं चुराता था, बल्कि वारदात के बाद घर में पिकनिक मनाता था और जाते-जाते दीवारों पर लिपस्टिक से अजीबोगरीब मैसेज लिखकर पुलिस को चुनौती देता था।
इंजीनियर के घर चोरी और लिपस्टिक से लिखा ‘वो’ मैसेज
यह मामला 31 जनवरी की रात का है, जब जैसलमेर की आईजीएनपी कॉलोनी में रहने वाले सहायक अभियंता (Assistant Engineer) सोहन जांगिड़ के घर पर धावा बोला गया। चोर ने घर से लैपटॉप, टीवी और ब्रांडेड कपड़े तो पार किए ही, लेकिन उसकी असली ‘कारीगरी’ दीवार पर दिखी। उसने घर में रखी लिपस्टिक उठाई और दीवार पर बड़े-बड़े अक्षरों में लिखा “घर में दारू रख रहे हो तो साथ में आलू चिप्स भी रखा करो।” इतना ही नहीं, उसने पुलिस को चिढ़ाते हुए आगे लिखा कि रिपोर्ट करने से सिर्फ वक्त बर्बाद होगा।
वारदात के बाद घर में रुककर खाना खाने का शौक
पुलिस पूछताछ में आरोपी तेजाराम सुथार के बारे में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए। खुद को ‘बिहारी बाबू’ कहने वाला यह चोर वारदात के बाद भागने की जल्दबाजी नहीं करता था। वह घर में आराम से 2-3 घंटे रुकता, फ्रिज खोलकर खाना खाता और घर में रखे महंगे परफ्यूम छिड़ककर नए कपड़े पहनकर निकलता था। आरोपी को ब्रांडेड चीजों का बेहद शौक है।
3 महीने की मशक्कत और 18 मुकदमों का इतिहास
जैसलमेर कोतवाली पुलिस ने इस ‘स्लोगन’ वाली चुनौती को गंभीरता से लिया। करीब तीन महीने की तलाश के बाद पुलिस ने जोधपुर में दबिश देकर 39 वर्षीय तेजाराम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, तेजाराम पर पहले से ही 18 मामले दर्ज हैं। वह इतना शातिर है कि कोर्ट में बड़ी आसानी से अपना जुर्म कबूल कर लेता है और सजा काटकर बाहर आते ही फिर से नई वारदात को अंजाम देने निकल पड़ता है।
पुलिस रिमांड पर ‘अजब-गजब’ चोर
फिलहाल, पुलिस ने आरोपी के पास से इंजीनियर के घर से चोरी किया गया लैपटॉप बरामद कर लिया है। पुलिस अब उसे रिमांड पर लेकर अन्य चोरियों और बरामदगी के बारे में पूछताछ कर रही है। राजस्थान में इस ‘शौकीन’ चोर की कहानी और उसकी लिपस्टिक वाली डिमांड सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है।
No comments