पत्नी ने बाइक से बैग गिराने का नाटक किया पीछे से कातिल ने पति को मर्डर किया, भिंड से आई अफेयर की ये कहानी हैरान कर देगी
मध्य प्रदेश के भिंड जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक वारदात सामने आई है. यहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की बेरहमी से हत्या करवा दी. आरोपी महिला ने शुरुआत में पुलिस को गुमराह करने के लिए इसे लूट और हत्या का रूप देने की कोशिश की लेकिन पुलिस की पैनी नजरों से वह बच नहीं सकी.
क्या है पूरा मामला?
घटना अटेर थाना क्षेत्र की है. 8 अप्रैल को पुलिस को खबर मिली कि जमना गांव से खरिका जा रहे 27 वर्षीय निलेश जाटव की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. निलेश उस वक्त अपनी पत्नी रूबी और बच्चे के साथ बाइक पर सवार था.
पत्नी रूबी ने पुलिस को बताया कि रास्ते में उसका बैग गिर गया था, जिसे उठाने के लिए जब निलेश ने बाइक रोकी, तभी पीछे से आए दो बदमाशों ने उसे गोली मार दी.
पत्नी के बदलते बयानों के बाद हुआ शक
पुलिस अधीक्षक असीत यादव के मुताबिक, जांच के दौरान रूबी के बयानों में काफी अंतर नजर आ रहा था. वह बार-बार अपनी बात बदल रही थी, जिससे पुलिस को उस पर शक हुआ. जब कड़ाई से पूछताछ की गई और तकनीकी सबूत जुटाए गए तो चौंकाने वाला सच सामने आया.
7 साल का अफेयर
जांच में पता चला कि रूबी का अपने एक रिश्तेदार विशाल विमल के साथ पिछले 7 सालों से अफेयर चल रहा था. शादी के बाद भी दोनों वॉट्सएप के जरिए लगातार संपर्क में थे. रूबी को लगने लगा था कि निलेश उनके रिश्ते के बीच की दीवार बन रहा है, इसलिए उसने प्रेमी के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने का प्लान बनाया.
कैसे दी वारदात को अंजाम?
साजिश के मुताबिक, रूबी ने जानबूझकर तय जगह पर बैग गिराया था. जैसे ही निलेश बाइक रोककर रुका, वहां पहले से घात लगाकर बैठे प्रेमी विशाल और उसके साथी राजेश ने निलेश पर गोली चला दी. निलेश की मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस ने 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी पत्नी रूबी और प्रेमी विशाल को गिरफ्तार कर लिया है. वारदात में इस्तेमाल 12 बोर का कट्टा, बाइक और मोबाइल बरामद कर लिए गए हैं. तीसरा आरोपी राजेश फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है.
No comments