बेटा न होने पर पति ने पत्नी के प्राइवेट पार्ट पर डाला तेजाब! अस्पताल न ले जाकर बनाया 15 दिन तक बंधक

पुणे : महाराष्ट्र के पुणे जिले के उरुली कांचन क्षेत्र से महिला उत्पीड़न की एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक पति ने चरित्र पर शक और बेटा न होने की बात को लेकर अपनी 24 वर्षीय पत्नी के साथ अमानवीय व्यवहार किया। आरोप है कि पति ने पहले पत्नी की बेरहमी से पिटाई की और फिर उसके गुप्तांग पर तेजाब डाल दिया। इतना ही नहीं, वारदात के बाद उसने घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के बजाय करीब 15 दिनों तक घर में ही बंधक बनाकर रखा। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना 20 अप्रैल की बताई जा रही है। उस दिन आरोपी शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी पर अवैध संबंधों का आरोप लगाते हुए विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला हिंसा में बदल गया। आरोपी ने पत्नी के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए उसके गुप्तांग पर तेजाब डाल दिया। तेजाब गिरते ही महिला दर्द से चीख उठी और बाहर भागने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने दरवाजा बंद कर दोबारा उसकी पिटाई की।
महिला की चीख-पुकार सुनकर पड़ोस में रहने वाली जेठानी मौके पर पहुंची और सास-ससुर को सूचना दी। इस दौरान आरोपी ने महिला को धमकी दी कि अगर उसने किसी को घटना के बारे में बताया तो उसे जान से मार देगा। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद वह करीब 15 दिनों तक घर में ही कैद रही। आखिरकार 9 मई को जब आरोपी काम पर गया, तब वह अपनी दोनों बेटियों को लेकर मायके पहुंची और परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिवार के लोग उसे लेकर उरुली कांचन पुलिस स्टेशन पहुंचे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने महिला को इलाज के लिए पुणे के ससून अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज पूरा होने के बाद पीड़िता ने 15 मई को पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। उरुली कांचन पुलिस स्टेशन के निरीक्षक सचिन वांगडे ने बताया कि आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
No comments