घर से ऑफिस के लिए निकली थी फिर नहीं लौटी, लखनऊ में सगाई के 4 दिन बाद युवती की हत्या.

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में सगाई के चार दिन बाद एक युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सुशांत गोल्फ सिटी इलाके के जंगल में सोमवार सुबह उसका शव मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान शिवानी सिंह (22) के रूप में हुई है, जो एल्डिको उद्यान, रक्षा खंड में अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहती थी।
ऑफिस जाने के लिए निकली थी घर से
परिजनों के मुताबिक शिवानी रविवार सुबह करीब 10 बजे ऑफिस जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिवार ने उसकी तलाश शुरू की और बाद में पुलिस को सूचना दी। सोमवार सुबह सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में राहगीरों ने जंगल में एक युवती का शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

14 मई को हुई थी सगाई
परिवार ने बताया कि शिवानी की 14 मई को प्रकाश नाम के युवक से सगाई हुई थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। मां गीता सिंह घरों में काम करती हैं, जबकि पिता शटरिंग का काम करते हैं। परिवार आर्थिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है।
CCTV और कॉल डिटेल से जांच तेज
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में युवती की हत्या कर शव जंगल में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। अमित कुमार आनंद ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और युवती की आखिरी लोकेशन के आधार पर सुराग जुटा रही है।
परिजनों ने की पहचान
सोमवार दोपहर जब परिजन गुमशुदगी दर्ज कराने थाने पहुंचे, तो पुलिस ने उन्हें शव की तस्वीर दिखाई। तस्वीर देखकर मां ने शव की पहचान अपनी बेटी शिवानी के रूप में की। परिजनों का कहना है कि यह पूरी तरह से हत्या का मामला है और उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि अभी हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं है। सभी एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। यह घटना इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर गई है और लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।
No comments