Recent Posts

Breaking News

इंस्टाग्राम पर दोस्ती बनी मौत की वजह… 6 दिन से लापता पंजाबी सिंगर इंदर कौर की हत्या, नीले नहर में मिला शव.

 

लुधियाना/मोगा। पंजाबी सिंगर इंदर कौर उर्फ यशइंदर कौर (29) की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोमवार सुबह करीब 11 बजे उनका शव नीलो नहर से बरामद किया गया। बताया जा रहा है कि उन्हें करीब छह दिन पहले गन प्वाइंट पर अगवा किया गया था, जिसके बाद से परिवार लगातार उनकी तलाश कर रहा था।

पंजाबी सिंगर इंदर कौर की हत्या

परिजनों के अनुसार, इंदर कौर को छह दिन पहले हथियार के बल पर किडनैप किया गया था। अपहरण के बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया था। परिवार ने लगातार पुलिस से शिकायत और खोजबीन की मांग की थी।

शादी से इनकार पर रची गई साजिश

मृतका के परिवार ने आरोप लगाया है कि मोगा निवासी एक युवक इंदर कौर पर जबरन शादी का दबाव बना रहा था। जब उन्होंने शादी से इनकार किया, तो आरोपी ने कथित तौर पर अपहरण और हत्या की साजिश रच दी।

इंस्टाग्राम दोस्ती से शुरू हुआ था संपर्क

परिजनों ने बताया कि करीब तीन साल पहले इंदर कौर की आरोपी से इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। बाद में पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। इसके बाद इंदर ने उससे दूरी बना ली और शादी से साफ इनकार कर दिया था, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।

कनाडा से नेपाल के रास्ते पंजाब आने का दावा

परिवार का दावा है कि आरोपी ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि वह कनाडा से नेपाल के रास्ते पंजाब पहुंचा और घटना के बाद फिर नेपाल के रास्ते कनाडा फरार हो गया।

नीलो नहर से बरामद हुआ शव, पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाया। इसके बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए समराला सिविल अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

परिवार में मातम, विदेश में रह रहे परिजन भी सदमे में

इंदर कौर के माता-पिता और दो भाई कोरिया में रहते हैं, जबकि उनका एक भाई लुधियाना के जमालपुर इलाके में रहता है। घटना की खबर से पूरे परिवार में मातम का माहौल है और परिजन सदमे में हैं।

पुलिस ने हर एंगल से शुरू की जांच

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

No comments