Recent Posts

Breaking News

‘भेड़ की खाल में भेड़िया’… पिता ने ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह पर लगाए गंभीर आरोप, बोले- ‘पहली पत्नी भी छोड़कर चली गई थी’.

 

ट्विशा शर्मा केस : पूर्व मिस पुणे ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के आवास के बाहर कई दिनों से धरने पर बैठे ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने अपनी बेटी के पति समर्थ सिंह और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने समर्थ सिंह को “भेड़ की खाल में भेड़िया” बताते हुए कहा कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी मानसिक और भावनात्मक प्रताड़ना झेल रही थी।

ट्विशा के पिता की मांग है कि उनकी बेटी का दोबारा पोस्टमार्टम कराया जाए ताकि मौत के पीछे की सच्चाई सामने आ सके। वहीं, ट्विशा के पति समर्थ सिंह की जमानत अर्जी खारिज हो चुकी है और वह फिलहाल फरार बताया जा रहा है।

पति और सास पर हत्या व दहेज उत्पीड़न का आरोप

ट्विशा के पति समर्थ सिंह और उसकी मां गिरिबाला सिंह पर हत्या और दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज किया गया है। नवनिधि शर्मा का कहना है कि दहेज मांगने के तरीके बदल गए हैं।

उन्होंने कहा, “आज कोई सीधे दहेज नहीं मांगता, लेकिन ऐसे हालात पैदा कर दिए जाते हैं कि आपकी जेब से पैसे निकलते रहें। शादी के बाद मान-मर्यादा और खर्चों को लेकर ताने दिए जाने लगे। जब ट्विशा की नौकरी चली गई तो कहा गया कि हम तुम्हें खाना कैसे खिलाएंगे।”

‘हनीमून पर ही दिख गया था असली चेहरा’

नवनिधि शर्मा ने दावा किया कि शादी के शुरुआती दिनों में ही समर्थ सिंह का व्यवहार संदेहास्पद लगने लगा था। उन्होंने बताया कि हनीमून के दौरान किसी बात पर गुस्सा होकर समर्थ ने ट्विशा को धक्का दे दिया था।

उन्होंने कहा, “तब ट्विशा ने अपने भाई से पूछा था कि क्या उसने गलत फैसला कर लिया है। लेकिन हमने इसे सामान्य गुस्सा समझकर नजरअंदाज कर दिया। आज लगता है कि हमें तभी गंभीर हो जाना चाहिए था।”

‘पहली पत्नी भी छोड़ चुकी थी घर’

ट्विशा के पिता ने आरोप लगाया कि समर्थ सिंह का व्यवहार पहले से ही विवादों में रहा है। उन्होंने कहा, “अगर उसके इतिहास को देखें तो उसकी पहली पत्नी भी उत्पीड़न के कारण तलाक लेकर चली गई थी। शादी से पहले कई आश्वासन दिए गए, लेकिन बाद में कुछ भी पूरा नहीं हुआ।”

12 मई को घर में मिला शव

गौरतलब है कि 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके स्थित ससुराल में ट्विशा शर्मा का शव फंदे से लटका मिला था। इस घटना के बाद से मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है।

मां को भेजे गए मैसेज में छलका दर्द

जांच के दौरान ट्विशा और उसकी मां के बीच हुई चैट भी सामने आई हैं, जिनमें उसने अपने मानसिक तनाव और वैवाहिक जीवन की परेशानियों का जिक्र किया था।

30 अप्रैल को भेजे गए एक मैसेज में ट्विशा ने लिखा था, “मम्मी, आपने मुझे यहां क्यों भेजा? ये मुझसे बात नहीं कर रहा। मेरा जीवन नरक हो गया है।”

7 मई को उसने अपनी मां से कहा, “मां, आप मुझे यहां से ले जाओ प्लीज। अब मुझसे नहीं हो रहा।”

ट्विशा ने यह भी आरोप लगाया था कि उसके पति ने उसके गर्भ में पल रहे बच्चे को लेकर सवाल उठाए और उसे गर्भपात के लिए मजबूर किया। 9 मई के एक मैसेज में उसने लिखा, “वो पूछ रहा है बच्चा किसका था और मैं चुप रहूं? इसने हर हद पार कर दी है।”

‘मुझे घुटन महसूस हो रही है’

ट्विशा ने अपनी मां को भेजे संदेशों में पति और सास को “बेरहम” बताया था। उसने लिखा था कि उसे घर में घुटन महसूस होती है और वह मानसिक रूप से टूट चुकी है।

अपनी आखिरी बातचीत में ट्विशा ने कहा था कि उसका किसी से बात करने का मन नहीं है और वह पूरी तरह अकेला महसूस कर रही है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। परिवार लगातार इसे आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या बता रहा है और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है।

No comments