‘तुम मेरे टारगेट पर हो, घर बम से उड़ जाएगा’, पीएम को झालमुरी खिलाने वाले विक्रम साओ की जान पर खतरा

पश्चिम बंगाल। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच झारग्राम पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक दुकान पर झालमुरी खाने का वीडियो वायरल होने के बाद दुकानदार विक्रम साओ की जिंदगी संकट में पड़ गई है। विक्रम ने दावा किया है कि उन्हें पाकिस्तान और बांग्लादेश से जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।
आईएएनएस से बातचीत में विक्रम साओ ने बताया कि पाकिस्तान से उन्हें वीडियो कॉल पर धमकी दी गई। उन्होंने कहा, “मुझे बम से उड़ा देने की धमकी दी गई। कॉल एक ग्रुप कॉल थी, जिसमें कई लोग हथियार दिखाकर डराने की कोशिश कर रहे थे। मैंने डरकर फोन काट दिया।”
बांग्लादेश से भी मिली धमकी
विक्रम ने आगे कहा कि इसके बाद बांग्लादेश से भी कॉल आई, जिसमें उन्हें मारने की धमकियां और गालियां दी गईं। कॉल करने वाले ने उनसे पूछा कि क्या वे जिंदा हैं। ऑडियो कॉल और व्हाट्सऐप मैसेज के जरिए भी लगातार धमकियां मिल रही हैं। विक्रम ने बताया कि वह इन कॉल्स और मैसेजों को रिसीव नहीं कर रहे हैं।
विक्रम ने कहा कि “मेरी जान को अब खतरा हो गया है। प्रशासन को सूचना देने के बाद मुझे सुरक्षा में दो जवानों की तैनाती दी गई है। घर जाते समय भी डर लगता है, क्योंकि मैं अकेले ही घर चला रहा हूं।” उन्होंने आगे बताया कि व्हाट्सऐप मैसेज में उन्हें लिखा गया है कि “तुम मेरे टारगेट पर हो और तुम्हारे घर को बम से उड़ा देंगे।”
विक्रम साओ की सुरक्षा अब पूरी तरह से शासन और प्रशासन की जिम्मेदारी बन गई है। उन्होंने कहा कि अब उनकी उम्मीद यही है कि सुरक्षा के साथ उन्हें इस खतरनाक स्थिति से बचाया जाएगा।
No comments