सास की चिता सजा रहा था दामाद, पीछे से मगरमच्छ आया और नदी में खींच ले गया, चीखते रहें लोग.

गोंडा। गोंडा में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। सास के अंतिम संस्कार में शामिल होने नोएडा से आए युवक को सरयू नदी किनारे मगरमच्छ ने हमला कर पानी में खींच लिया। घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस, गोताखोरों और प्रशासन की टीम युवक की तलाश में जुटी है।
यह घटना उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के सनौली मोहम्मदपुर उदयभान पाही स्थित सरयू नदी घाट की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, ग्रेटर नोएडा निवासी 30 वर्षीय दीपक अपनी पत्नी और चार साल की बेटी के साथ सास उर्मिला के अंतिम संस्कार में शामिल होने गोंडा आए थे। उर्मिला की कैंसर के चलते मौत हो गई थी।

चिता की तैयारी के दौरान हुआ हादसा
बुधवार दोपहर करीब 12 बजे परिवार के लोग अंतिम संस्कार के लिए सरयू नदी किनारे पहुंचे थे। दीपक चिता सजाने के लिए खूंटा गाड़ने और गड्ढा खोदने का काम कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, काम पूरा करने के बाद वह हाथ धोने के लिए नदी किनारे पहुंचे।
जैसे ही दीपक पानी लेने के लिए झुके, नदी में मौजूद मगरमच्छ ने उन पर हमला कर दिया। मगरमच्छ ने उनका सिर अपने जबड़े में दबाया और तेजी से पानी के अंदर खींच ले गया।
घाट पर मची चीख-पुकार
घटना को देखकर घाट पर मौजूद लोग घबरा गए। लोगों ने शोर मचाया और दीपक को बचाने की कोशिश की, लेकिन मगरमच्छ कुछ ही सेकंड में उन्हें गहरे पानी में ले गया।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि उसने दीपक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन मगरमच्छ की ताकत के आगे वह खुद पानी में गिर पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि घाट पर पहले से मगरमच्छ होने की चेतावनी दी गई थी।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
दीपक के दादा ससुर बाबूलाल वर्मा ने बताया कि परिवार पहले ही बहू की मौत से सदमे में था और अब यह हादसा हो गया। उन्होंने कहा, “कोई भी अपनी जान जोखिम में डालकर पानी में नहीं कूद पाया।”
बताया जा रहा है कि दीपक ग्रेटर नोएडा के परी चौक क्षेत्र में एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। उनकी शादी पांच साल पहले बाबूलाल की नातिन रेखा से हुई थी।

SDRF और प्रशासन की टीम तलाश में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही उमरी बेगमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों और नाविकों की मदद से युवक की तलाश शुरू की गई, लेकिन देर शाम तक कोई सफलता नहीं मिल सकी।
एसडीएम तरबगंज भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। जिला आपदा विशेषज्ञ राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए लखनऊ से SDRF टीम को बुलाया गया है।
प्रशासन ने कहा है कि शव मिलने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा और परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
No comments