Recent Posts

Breaking News

मानेसर में हैवानियत : नवविवाहित पत्नी की हत्या कर बाथरूम में बंद किया शव, आरोपी पति प्रेमिका संग फरार

Manesar Woman Murder Case: गुरुग्राम के मानेसर इलाके से एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र को दहला दिया है। यहां एक युवक ने अपनी नवविवाहित पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और उसके शव को बाथरूम में बंद कर फरार हो गया। कुछ दिन बाद जब पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ा तो अंदर से महिला का सड़ा-गला शव बरामद हुआ, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतका मधु की शादी इसी साल 19 फरवरी को अंकित भगत से हुई थी, जो मानेसर गांव का रहने वाला है। शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन महज तीन महीने के भीतर ही यह रिश्ता खौफनाक मोड़ पर पहुंच गया। 21 मई को मधु संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी, जिसके बाद पति ने परिजनों को गुमराह करने की कोशिश की और कहा कि वह जेवर लेकर किसी के साथ भाग गई है।

हालांकि, परिजनों को इस बात पर शक हुआ और उन्होंने तुरंत मानेसर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसी बीच पड़ोसियों से मिली जानकारी ने पूरे मामले की दिशा बदल दी। पड़ोसियों ने बताया कि मधु को आखिरी बार उसके पति अंकित के साथ स्कूटी पर जाते हुए देखा गया था।

जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि अंकित पिछले दो साल से मानेसर बस स्टैंड के पास एक किराए के कमरे में अपनी प्रेमिका के साथ रह रहा था। रविवार को पुलिस टीम जब उस कमरे पर पहुंची तो दरवाजा बंद मिला। जब पुलिस ने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो बाथरूम से बदबू आ रही थी। जांच करने पर वहां से महिला का सड़ा-गला शव मिला।

स्थानीय लोगों ने बताया कि 22 मई की रात अंकित और उसकी प्रेमिका घबराई हुई हालत में वहां से भागते हुए नजर आए थे। आशंका जताई जा रही है कि हत्या 21 मई की रात को ही की गई थी।

मामले के सामने आने के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मच गया है। पिता ने पति अंकित भगत और उसकी फरार प्रेमिका के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छुपाने का मामला दर्ज कराया है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दोनों आरोपियों की तलाश में कई जगहों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

No comments