‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की वेबसाइट भी ब्लॉक, संस्थापक अभिजीत दीपके ने सरकार पर लगाया तानाशाही का आरोप

नई दिल्ली। इंटरनेट पर तेजी से चर्चा में आई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की आधिकारिक वेबसाइट को शनिवार को अचानक ब्लॉक कर दिए जाने का मामला सामने आया है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं और इसे “तानाशाही रवैया” बताया है।
अभिजीत दीपके के मुताबिक, उनकी वेबसाइट को बिना किसी पूर्व सूचना के इंटरनेट से हटा दिया गया। उन्होंने दावा किया कि यह प्लेटफॉर्म खासकर युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा था और लगभग 10 लाख लोग इससे जुड़ चुके थे।
दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि यह डिजिटल आंदोलन युवाओं के लिए मौजूदा व्यवस्था पर व्यंग्य और मीम आधारित विरोध का मंच बन गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस तरह की आवाजों से डरती है और इसलिए वेबसाइट को बंद किया गया।
उन्होंने यह भी दावा किया कि करीब 6 लाख लोगों ने एक ऑनलाइन याचिका पर हस्ताक्षर किए थे, जिसमें कथित NEET-UG पेपर लीक विवाद को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की गई थी।
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक ने सवाल उठाते हुए लिखा कि अगर यह केवल व्यंग्य और डिजिटल आंदोलन है तो सरकार इससे क्यों परेशान है। उन्होंने इसे युवाओं की आवाज दबाने की कोशिश बताया।
यह पूरा मामला उस समय और चर्चा में आया जब हाल के दिनों में परीक्षा विवाद और पेपर लीक के आरोपों को लेकर देशभर में छात्रों के बीच आक्रोश देखा जा रहा है।
बताया जा रहा है कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की शुरुआत एक व्यंग्यात्मक डिजिटल कैंपेन के रूप में हुई थी, जो धीरे-धीरे सोशल मीडिया पर युवाओं के बीच वायरल हो गया। यह प्लेटफॉर्म सरकार और व्यवस्था पर हास्य और कटाक्ष के जरिए सवाल उठाने का माध्यम बन गया था।
No comments