बिहार से आया ‘शराब का प्यासा’! गंगा में नहाते हुए बीयर पीने का वीडियो वायरल, पुलिस ने दर्ज किया केस

Varanasi : उत्तर प्रदेश के वाराणसी में गंगा घाट पर एक युवक द्वारा स्नान के दौरान बीयर पीने का वीडियो वायरल होने के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भारी नाराजगी देखी गई, वहीं मामले ने तूल पकड़ते हुए पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और गिरफ्तारी के लिए टीम भी गठित कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में एक युवक गंगा नदी में स्नान करते हुए हाथ में बीयर की कैन लिए दिखाई दे रहा है। आसपास मौजूद नाविकों ने जब यह दृश्य देखा तो उन्होंने तुरंत इसका वीडियो बना लिया और युवक को फटकार भी लगाई। इसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया और विवाद गहरा गया।
विवाद बढ़ने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और युवक की पहचान शुरू की। जांच में सामने आया कि आरोपी युवक बिहार के रोहतास जिले का रहने वाला है। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
इस मामले में अधिवक्ता शशांक शेखर त्रिपाठी ने भी शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया है कि गंगा नदी हिंदू धर्म में आस्था का प्रमुख केंद्र है और ऐसे कृत्य करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के वीडियो सामाजिक सौहार्द बिगाड़ सकते हैं और धार्मिक माहौल को दूषित करते हैं।
स्थानीय पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना कर दी गई है और जल्द ही उसे हिरासत में लिया जाएगा। एसीपी अतुल अनजान ने लोगों से अपील की है कि धार्मिक स्थलों और पवित्र नदियों के आसपास इस तरह की हरकतें न करें, अन्यथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
No comments