‘जब मैं गर्भवती हुई, तो उसने धोखे से मुझे गर्भपात की गोलियां खिला दीं’, आरोपी डॉक्टर के खिलाफ पीड़िता का बड़ा खुलासा

भोपाल। राजधानी में एक निजी स्किन क्लीनिक संचालक डॉक्टर पर गंभीर आरोप लगे हैं। “पॉइजन एंटी स्किन क्लीनिक” के संचालक डॉ. अभिनीत गुप्ता के खिलाफ महिला थाना में दुष्कर्म सहित कई धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, जयपुर (राजस्थान) से त्वचा रोग का इलाज कराने आई एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई है कि डॉक्टर ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि भोपाल में पहली बार गलत काम करने के बाद आरोपी उसे चेन्नई ले गया, जहां होटल में भी उसके साथ शोषण किया गया।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे गर्भपात की गोलियां दीं, जिसके बाद एयरपोर्ट पर उसकी तबीयत बिगड़ गई और ब्लीडिंग शुरू हो गई। इतना ही नहीं, आरोपी ने कथित तौर पर निजी वीडियो बनाकर पीड़िता के भाई को भेजे और उसे ब्लैकमेल किया।
शिकायत में यह भी सामने आया है कि वर्ष 2019 में मुंबई में मॉडलिंग कर रही एक अन्य युवती के साथ भी आरोपी ने इसी तरह दुष्कर्म किया था। पीड़िता का आरोप है कि उस पर दबाव बनाने के लिए कानूनी साजिश भी रची गई।
मामले में एक और गंभीर आरोप यह है कि शुरुआत में कोलार पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। हालांकि अब महिला थाना में मामला दर्ज होने के बाद जांच शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि आरोपी डॉक्टर पहले भी विवादों में रह चुका है और मरीज के साथ ठगी के मामले में भोपाल कंज्यूमर कोर्ट उसे सजा सुना चुका है। एफआईआर दर्ज होने की भनक लगते ही आरोपी फरार हो गया है और उसका मोबाइल फोन भी बंद है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। मामले की जांच जारी है।
No comments