ट्विशा शर्मा मौत मामला: पूर्व जज की बहू की संदिग्ध मौत की जांच करेगी CBI, सीएम मोहन यादव के आश्वासन के बाद गृह विभाग की अधिसूचना जारी

भोपाल: मध्य प्रदेश सरकार ने ट्विशा शर्मा दहेज हत्या मामले में बड़ा कदम उठाया है। राज्य सरकार ने मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में इस बात की सिफारिश की गई है कि मामले की जांच केंद्रीय एजेंसी को हस्तांतरित की जाए।
बताया जा रहा है कि ट्विशा शर्मा के परिजनों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने परिवार को आश्वासन दिया था कि मामले की जांच CBI से कराई जाएगी। अब गृह विभाग की अधिसूचना के बाद इस दिशा में रास्ता लगभग साफ माना जा रहा है।
सरकार ने सीबीआई को इस मामले से जुड़े अपराध, साक्ष्य, दुष्प्रेरण और अन्य पहलुओं की जांच की अनुमति भी दे दी है। माना जा रहा है कि सीबीआई मामले की पूरी जांच नए सिरे से करेगी, जिससे पीड़ित परिवार को निष्पक्ष जांच की उम्मीद बढ़ गई है।
याद रहे कि 12 मई 2026 को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित बाग मुगलिया एक्सटेंशन में पूर्व जज गिरिबाला सिंह की बहू त्विषा शर्मा मृत पाई गई थीं। शुरुआती रिपोर्ट में इसे आत्महत्या बताया गया था, लेकिन परिवार ने इसे दहेज हत्या का मामला बताया था और गंभीर आरोप लगाए थे।
मामले में पुलिस ने पूर्व जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह के खिलाफ दहेज प्रताड़ना सहित कई धाराओं में केस दर्ज किया था। फिलहाल गिरिबाला सिंह जमानत पर हैं, जबकि समर्थ सिंह अभी फरार बताए जा रहे हैं।
परिवार लगातार इस मामले की जांच मध्यप्रदेश से बाहर की एजेंसी से कराने की मांग कर रहा था। साथ ही उन्होंने पोस्टमार्टम दिल्ली एम्स में करवाने की भी मांग की थी। अब राज्य सरकार की सिफारिश के बाद सीबीआई जांच की संभावना ने नए खुलासों और निष्पक्ष जांच की उम्मीद बढ़ा दी है।
No comments