Recent Posts

Breaking News

सुपौल में शराब तस्करों की कार ने JDU नेता को कुचला, दर्दनाक मौत; 1050 बोतल शराब बरामद, 2 गिरफ्तार

Bihar : बिहार के सुपौल जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। रतनपुर नया बाजार एनएच-106 पर तेज रफ्तार होंडा सिटी कार ने रतनपुर पंचायत के जदयू अध्यक्ष मनोज कुमार मेहता (58) को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, घटना रतनपुरा थाना क्षेत्र के रतनपुर नया बाजार के पास हुई। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 6 बजे रतनपुरा थाना की गश्ती पुलिस टीम इलाके में पेट्रोलिंग कर रही थी। पुलिस को देखकर भीमनगर की ओर से आ रही एक कार सवार शराब तस्कर तेज रफ्तार में भागने लगे।

इसी दौरान तस्करों की होंडा सिटी कार ने रतनपुर वार्ड नंबर-5 निवासी और जदयू पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार मेहता को जोरदार टक्कर मार दी। उस वक्त वह अपनी पोती को स्कूल छोड़कर घर लौट रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर एक ट्रैक्टर से टकरा गई और एनएच किनारे पलट गई। मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल मनोज कुमार मेहता को तुरंत राघोपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार में सवार दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वीरपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर वार्ड-1 निवासी अभिषेक कुमार और विपिन कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस ने कार की तलाशी के दौरान 1050 बोतल नेपाली देसी शराब भी बरामद की है। इस मामले में डीएसपी वीरपुर सुरेंद्र कुमार ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश जारी है और वाहन मालिक की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले में जो भी लोग शामिल होंगे, सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मृतक की पत्नी पुष्पा कुमारी रतनपुर वार्ड-5 में आंगनबाड़ी सेविका के पद पर कार्यरत हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पूरे इलाके में शोक की लहर के साथ आक्रोश का माहौल भी है।

No comments