झांसी के नर्सिंग होम की छत पर युवती से दरिंदगी; परीक्षा देने गई छात्रा को अगवा कर दुष्कर्म, मुकदमा दर्ज

उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां नवाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत मेडिकल कॉलेज के सामने स्थित पीतांबरा हॉस्पिटल की छत पर एक युवती को बंधक बनाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पीड़ित युवती की शिकायत पर मध्य प्रदेश की निवाड़ी पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला झांसी पुलिस को ट्रांसफर कर दिया है, जिसके बाद नवाबाद थाना पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
परीक्षा देने गई छात्रा को रास्ते से बनाया बंधक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के जिला निवाड़ी की रहने वाली एक युवती 17 जुलाई 2026 को अपने घर से निवाड़ी बाईपास स्थित एक कॉलेज में परीक्षा (टेस्ट) देने के लिए गई थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद जब वह वापस अपने घर लौट रही थी, तभी रास्ते में निवाड़ी के ग्राम चुरारा निवासी प्रीतम कुशवाह नामक युवक मिल गया। आरोप है कि युवक ने युवती को जबरन अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा लिया और बहला-फुसलाकर व धमकाकर अपने साथ झांसी ले आया।
नर्सिंग होम की छत पर दिया घटना को अंजाम
झांसी पहुंचने के बाद आरोपी युवक युवती को किसी बहाने से मेडिकल कॉलेज के सामने स्थित पीतांबरा हॉस्पिटल की छत पर ले गया। आरोप है कि वहां सुनसान जगह पाकर आरोपी ने युवती को जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इस अमानवीय कृत्य को अंजाम देने के बाद आरोपी ने अपने एक साथी को बुलाया और पीड़िता को पुलिया नंबर नौ के पास छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद डरी-सहमी पीड़िता ने किसी तरह फोन के जरिए अपने परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई और घर पहुंची।
निवाड़ी पुलिस ने मामला दर्ज कर झांसी ट्रांसफर किया
घर पहुंचने पर परिजनों ने हिम्मत जुटाई और पीड़िता को साथ लेकर सबसे पहले निवाड़ी थाने पहुंचे। वहां पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। चूंकि घटना स्थल झांसी के नवाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है, इसलिए निवाड़ी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए डायरी झांसी पुलिस को स्थानांतरित कर दी। अब नवाबाद थाना पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
No comments