पेड़ ही नहीं अब इंसानों को भी काटूंगा” – वायरल वीडियो में माफिया की खुली धमकी, क्षेत्र में दहशत

Najibabad, Bijnor : जनपद बिजनौर के नजीबाबाद क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत जलालाबाद में लकड़ी माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। वन विभाग के नियमों और कानून को ठेंगा दिखाते हुए ये माफिया न सिर्फ हरे-भरे पेड़ों का अवैध कटान कर रहे हैं, बल्कि अब प्रशासन और आम जनता को खुलेआम धमकी भी दे रहे हैं। क्षेत्र में फैल रहे इस आतंक से स्थानीय लोग दहशत में हैं।
वायरल वीडियो से मचा हड़कंप
मामला जलालाबाद निवासी कुख्यात लकड़ी माफिया साबिर से जुड़ा है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में साबिर बेखौफ होकर अवैध कटान करने की बात स्वीकार कर रहा है। वीडियो में उसने कानून, पुलिस और प्रशासन को चुनौती देते हुए यहां तक कह दिया – “मैं लकड़ी रोज काटता हूं और अब इंसानों को भी काटूंगा।”
इस बयान के बाद क्षेत्र में आक्रोश के साथ-साथ भय का माहौल है।
सिंडिकेट बनाकर कर रहे अवैध कटान
स्थानीय सूत्रों के अनुसार साबिर अन्य क्षेत्रीय माफियाओं के साथ मिलकर एक संगठित गिरोह चला रहा है। आरोप है कि यह गिरोह वन विभाग के कुछ अधिकारियों-कर्मचारियों की कथित मिलीभगत या उनकी अनदेखी से रात के अंधेरे में कीमती और प्रतिबंधित पेड़ों को काट रहा है।
सुबह होते ही ट्रकों और ट्रैक्टर-ट्रालियों के जरिए अवैध लकड़ी को आरा मशीनों और सुरक्षित ठिकानों तक पहुंचा दिया जाता है। इससे एक ओर सरकारी राजस्व को करोड़ों का नुकसान हो रहा है, वहीं दूसरी ओर क्षेत्र का पारिस्थितिकी तंत्र भी खतरे में पड़ गया है।
नागरिकों में आक्रोश, प्रशासन से कार्रवाई की मांग
वायरल वीडियो के बाद जलालाबाद और आसपास के किसानों, पर्यावरण प्रेमियों और प्रबुद्ध नागरिकों में भारी रोष है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो ये माफिया किसी बड़ी आपराधिक घटना को भी अंजाम दे सकते हैं।
क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और वन विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि:
- धमकी देने वाले माफिया साबिर और उसके सहयोगियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।
- अवैध कटान में संलिप्त वन विभाग के कर्मचारियों की उच्चस्तरीय जांच कराकर कड़ी कार्रवाई की जाए।
- क्षेत्र में संचालित अवैध आरा मशीनों और लकड़ी डंपिंग यार्ड पर छापेमारी कर उन्हें सील किया जाए।
फिलहाल पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों ने वीडियो को संज्ञान में लेकर जांच शुरू करने की बात कही है। अब देखना होगा कि प्रशासन माफियाओं पर लगाम लगाकर क्षेत्र में कानून का राज स्थापित कर पाता है या नहीं।
No comments