खाना परोसने में देरी होने पर सनकी देवर ने गड़ासे से काटा भाभी का गला, पेड़ पर लटकाया सिर

Jehanabad : बिहार के जहानाबाद जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सनकी देवर ने मामूली सी बात पर अपनी ही भाभी की बेरहमी से हत्या कर दी. खाना मांगने और उसे परोसने में थोड़ी देर होने पर आरोपी देवर इस कदर आगबबूला हो गया कि उसने धारदार हथियार से भाभी का गला काट दिया.
इस वीभत्स हत्याकांड को यहीं अंजाम देकर वह नहीं रुका, बल्कि उसने मृतका का कटा हुआ सिर घर के सामने स्थित एक पेड़ पर लटका दिया. इस खौफनाक वारदात के सामने आते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों के रोंगटे खड़े हो गए. यह पूरी घटना परस बिगहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इमादपुर गांव की है.
खेत में थे परिवार के अन्य सदस्य, घर पर अकेली थी महिला
मृतका की पहचान इमादपुर गांव के रहने वाले धर्मेंद्र कुमार की 25 वर्षीय पत्नी अंशु देवी के रूप में हुई है. स्थानीय ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी देवर कुणाल कुमार नशे का आदी है और छोटी-छोटी बातों पर अक्सर विवाद करता रहता था. जिस वक्त यह खौफनाक वारदात हुई, उस समय अंशु देवी घर पर बिल्कुल अकेली थीं, क्योंकि परिवार के बाकी सभी सदस्य खेत में धान की रोपाई करने के लिए गए हुए थे. इसी दौरान आरोपी कुणाल कुमार खेत से वापस घर लौटा और उसने अपनी भाभी से खाना मांगा. खाना परोसने में थोड़ी सी देरी क्या हुई, आरोपी भड़क उठा और गुस्से में आकर उसने घर में रखा धारदार हथियार (गड़ासा) उठा लिया और ताबड़तोड़ हमला कर भाभी की जान ले ली.
पुलिस ने आरोपी देवर को किया गिरफ्तार, हथियार जब्त
इस सनसनीखेज वारदात की सूचना मिलते ही गांव में भारी भीड़ जमा हो गई और ग्रामीणों ने तुरंत इसकी जानकारी परस बिगहा थाना की पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देर किए मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई की और आरोपी कुणाल कुमार को धर दबोचा. पुलिस ने हत्या की इस घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार गड़ासा भी बरामद कर लिया है. इसके साथ ही पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की गहराई से छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में खाना मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद इस हत्याकांड को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है, तथा कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
No comments