छपरा में शिक्षक पर छात्रा से अश्लील चैटिंग का आरोप, मोबाइल जांच में मिले आपत्तिजनक संदेश; पुलिस ने हिरासत में लिया

बिहार : छपरा के भगवान बाजार थाना क्षेत्र में एक निजी स्कूल के शिक्षक पर सातवीं कक्षा की छात्रा से कथित रूप से अश्लील चैटिंग करने का गंभीर आरोप लगा है। छात्रा के परिजनों की शिकायत के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी शिक्षक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, इंपीरियल पब्लिक स्कूल के शिक्षक मोहम्मद इमाम रजा पर आरोप है कि वह छात्रा से मोबाइल के जरिए लगातार आपत्तिजनक बातचीत और अश्लील संदेश भेज रहा था। इसकी जानकारी मिलने के बाद छात्रा के परिवार ने भगवान बाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपी शिक्षक के मोबाइल की डिजिटल जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में मोबाइल से कई आपत्तिजनक चैट, संदेश और तस्वीरें मिलने की बात सामने आई है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी किसी अन्य छात्रा के संपर्क में था या नहीं।
मामले की जानकारी मिलने के बाद विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने भी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की। फिलहाल पुलिस शिकायत, डिजिटल साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।
No comments