खेत में काम करने गए किसान की दर्दनाक मौत, अनियंत्रित ट्रैक्टर पलटने से मचा कोहराम

Sitapur : सीतापुर के सिधौली कोतवाली इलाके में दोपहर के वक्त एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां खेत जोतने गए एक अधेड़ की ट्रैक्टर पलटने से उसके नीचे दबकर मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सीतानगर (मजरा खैरंदेश नगर) निवासी सहजराम (45) पुत्र हरिनाम सिंह यादव दोपहर लगभग दो बजे ट्रैक्टर लेकर पड़ोस के गांव प्रभु खेड़ा में अपना खेत जोतने गए थे। खेत जोतने के दौरान अचानक ट्रैक्टर का पहिया दलदल में फंस गया। पहिया तेज गति से घूमता रहा और अचानक अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर पलट गया। सहजराम ट्रैक्टर के नीचे बुरी तरह दब गए और गंभीर चोटें आने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया और परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया और शव को बाहर निकालकर विधिक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
No comments