Recent Posts

Breaking News

जंतर-मंतर पर अनोखा प्रदर्शन, दुल्हन के लिबास में पहुंची महिला ने उठाई शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

नई दिल्ली : नीट पेपर लीक के विरोध में दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान एक अनोखा दृश्य देखने को मिला। दुल्हन के लिबास में प्रदर्शन स्थल पर पहुंची एक महिला ने सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर लिया। उसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

महिला अपने हाथ में एक पोस्टर लिए हुए थी, जिस पर ‘RIP Career’ लिखा था। उसने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध जताते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन के दौरान उसका प्रतीकात्मक अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।

मीडिया से बातचीत में क्या बोली महिला?

दुल्हन के परिधान में पहुंची महिला ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, “अब करियर तो बनने से रहा, शादी ही कर लो। मैं भी स्टूडेंट बनना चाहती थी, नीट की तैयारी करना चाहती थी, लेकिन अब बच्चों के साथ जो हो रहा है, उसे देखकर लगता है कि स्टूडेंट नहीं बनना चाहिए।”

महिला ने आगे कहा कि ऐसी परिस्थितियों को देखकर अभिभावक भी चिंतित हैं। उनके अनुसार, माता-पिता को यह डर सताने लगा है कि यदि अन्य छात्रों के साथ ऐसा हो सकता है तो उनकी बेटियों के साथ भी हो सकता है। इसी वजह से कई परिवार पढ़ाई के बजाय बेटियों की शादी के बारे में सोचने लगे हैं।

‘जब तक बात नहीं सुनी जाएगी, प्रदर्शन जारी रहेगा’

जब महिला से पूछा गया कि वह प्रदर्शन में कब तक शामिल होती रहेंगी, तो उन्होंने कहा, “जब तक हमारी बात ऊपर तक नहीं पहुंच जाती और हमारी मांगों पर ध्यान नहीं दिया जाता, तब तक मैं प्रदर्शन में आती रहूंगी।”

No comments