दो दिन तेज बारिश की चेतावनी, प्रदेश में कल चंबा-मंडी-कांगड़ा जिला में ऑरेंज अलर्ट, लोगों से सतर्क रहने की अपील

हिमाचल प्रदेश में जारी मानसून की बारिश के बीच मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए फिर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। राज्य के कुछ एक क्षेत्रों में 30 और 31 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई है।
मौसम विभाग ने 30 जुलाई को चंबा, कांगड़ा और मंडी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि कुल्लू, शिमला, सिरमौर और किन्नौर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। 31 जुलाई को चंबा और कांगड़ा में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इस दिन कुल्लू, मंडी, शिमला, किन्नौर और लाहुल-स्पीति में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। पहली अगस्त को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर में यलो अलर्ट रहेगा।
वहीं दो अगस्त को चंबा, किन्नौर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। तीन व चार अगस्त को भी कई इलाकों में यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने लोगों को भू-स्खलन, अचानक बाढ़ और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है।
पालमपुर में सबसे ज्यादा बारिश
प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान पालमपुर में सबसे अधिक 112 एमएम, कांगड़ा 105, धर्मशाला 82, रामपुर 45, गुलेर 42 और जोत में 41 मिलीमीटर बारिश हुई है।
कोटारोपी में दौड़ी गाडिय़ां
मंडी। कोटरोपी में भारी बारिश के बाद बंद पठानकोट-मंडी नेशनल हाई-वे 154 बहाल कर दिया है। नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया ने कोटरोपी में लगभग 40 मीटर सडक़ धंसने के बाद वैकल्पिक सडक़ बना दी है। इससे हाई-वे को लगभग पांच घंटे बाद सभी प्रकार के वाहनों के लिए बहाल कर दिया है। अब सभी छोटे-बड़े वाहन कोटरोपी से भेजे जा रहे हैं।
No comments