प्रेमी को फुफेरा भाई बताकर रखा साथ, पोल खुली तो पत्नी नेहा ने गुड्डू के साथ मिलकर कर दिया कत्ल.

मऊ : उत्तर प्रदेश के मऊ जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों को तार-तार कर दिया है। कोपागंज थाना क्षेत्र के कसारा गांव के पास मिले कुंजबिहारी राजभर की हत्या का पुलिस ने बुधवार को पर्दाफाश कर दिया है। जांच में सामने आया है कि कुंजबिहारी की हत्या उसकी ही पत्नी नेहा ने अपने प्रेमी गुड्डू राजभर के साथ मिलकर की थी। हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी पत्नी ने दो महीने पहले तक अपने प्रेमी को पति के साथ फुफेरा भाई बताकर मुंबई में एक साथ रखा था। पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने बताया कि मंगलवार को मुहम्मद अली इंटर कॉलेज इंदारा के पास से मुख्य आरोपी गुड्डू कुमार और मृतक की पत्नी नेहा को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मुंबई में रची गई खौफनाक साजिश
कुतुबपुर थाना मुहम्मदाबाद गोहना के रहने वाले कुंजबिहारी राजभर की शादी मधुबन थाना क्षेत्र के महुई गांव निवासी नेहा राजभर से हुई थी। पुलिस पूछताछ में पता चला कि नेहा का विवाह से पहले से ही गांव के गुड्डू भारती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था और शादी के बाद भी दोनों का संपर्क जारी रहा। नेहा अपने प्रेमी के साथ रहने के लिए साजिश रच रही थी। इसके तहत उसने मुंबई में काम करने वाले गुड्डू राजभर को अपने पति कुंजबिहारी का फुफेरा भाई बताकर पति के साथ ही रहने के लिए भेज दिया। कुछ समय तक दोनों साथ रहे और पति का विश्वास जीतने के बाद गुड्डू के कहने पर कुंजबिहारी ने नेहा को भी मुंबई बुला लिया था।
अफेयर की भनक लगने पर शुरू हुआ विवाद
मुंबई में रहने के दौरान कुंजबिहारी को अपनी पत्नी और गुड्डू के प्रेम प्रसंग की भनक लग गई, जिसके बाद उनके बीच आए दिन विवाद होने लगे। इस तनाव के बीच घटना से करीब दो महीने पहले तीनों मऊ वापस लौट आए। योजना के तहत 25 जुलाई को नेहा ने कुंजबिहारी को मुंबई वापस जाने का झांसा देकर मऊ स्टेशन बुलाया। वहां से वह उसे कसारा गांव के पास ले गई, जहां उसका प्रेमी गुड्डू पहले से ही मौजूद था। किसी बात को लेकर तीनों के बीच तीखी बहस और मारपीट हुई, जिसमें सिर पर गंभीर चोट लगने से कुंजबिहारी की मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
सीसीटीवी फुटेज से खुला हत्या का राज
बीते 25 जुलाई को शव मिलने के बाद मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई थी, जिसके बाद पिता हरिशचंद्र की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने जब घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो उसमें नेहा एक अन्य युवक के साथ नजर आई। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने मंगलवार को मुखबिर की सटीक सूचना पर गुड्डू कुमार उर्फ गुड्डू भारती और नेहा राजभर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर चोट के निशान की पुष्टि हुई है।
No comments