अयोध्या मेडिकल कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल में बेड पर सो रही MBBS छात्रा को सांप ने डसा, मचा हड़कंप..
घटना के बाद छात्राओं में हड़कंप मच गया। साथी छात्राओं ने गंभीर अवस्था में उन्हें तत्काल दर्शननगर स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत नाजुक होने पर वेंटिलेटर सपोर्ट पर भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से जयपुर (राजस्थान) निवासी खुशी जैन मेडिकल कॉलेज के गांजा शैक्षिक परिसर में प्राचार्य आवास के समीप स्थित गर्ल्स हॉस्टल के ग्राउंड फ्लोर पर रहती हैं। बुधवार तड़के करीब 3:00 से 3:30 बजे के बीच वह अपने कमरे में बेड पर सो रही थीं। इसी दौरान एक सांप ने उन्हें डस लिया। घटना का पता चलते ही अन्य छात्राओं ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया। मेडिसिन विभाग के डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, छात्रा की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उन्हें वेंटिलेटर पर रखकर इलाज किया जा रहा है।
हॉस्टल की अन्य छात्राएं भी डरीं
उधर, घटना की खबर फैलने के बाद छात्र-छात्राओं में दहशत फैल गई। हॉस्टल में रहने वाली अन्य छात्राएं भी डर गई हैं। वहीं इस घटना को लेकर मेडिकल कॉलेज प्रशासन पर सवाल उठने लगे हैं कि हॉस्टल के आस-पास साफ-सफाई और दवाओं का छिड़काव क्यों नहीं कराया गया।
गोंडा के मनकापुर में सर्पदंश से किसान की मौत
उधर, गोंडा जिले के मनकापुर क्षेत्र के दुर्गापुर के मजरा सकरी में मंगलवार को सर्पदंश से अधेड़ किसान की मौत हो गई। घटना के बाद इलाज के लिए ले जाते समय किसान ने दम तोड़ दिया। शव घर पर पहुंचने पर कोहराम मच गया। दुर्गापुर के मजरा सकरी निवासी रामू भारती पुत्र कुशिहर अपने बेटे के साथ खेत में सोमवार को धान की रोपाई करने गया। मेढ़ के किनारे खरपतवार लगा था। रिमझिम रिमझिम बारिश के बीच रामू भारती का पैर किसी विषैले सांप पर पड़ गया। इसके चलते सांप ने रामू के पैर में डंस लिया जिससे वह पानी भरे खेत में गिर गया। आवाज सुन बेटा दौड़ा तो देखा कि उसका पिता गिरा पड़ा है और सांप भी थोडी दूरी पर बैठा है। वह जोर-जोर से चिल्लाया तो आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। परिजन लोगों की मदद से रामू भारती को लेकर आनन-फानन में इलाज चल दिए। कुछ ही दूर खेत से जाते समय रामू की मौत हो गयी।
No comments