Recent Posts

Breaking News

हिमाचल में तिरंगे की बिक्री में उछाल, 15 अगस्त से पहले साढ़े 18 हजार झंडों में से साढ़े 17 हजार की बिक्री

आज के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर हर घर तिरंगा अभियान को लेकर हिमाचल में लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। डाक विभाग की ओर से पहले 16 हजार तिरंगे उपलब्ध करवाए गए थे, लेकिन मांग बढऩे के बाद इनकी संख्या बढ़ाकर 18 हजार 302 कर दी गई। शुक्रवार 14 अगस्त की शाम तक इनमें से 17 हजार 454 राष्ट्रीय ध्वज बिक चुके थे, जबकि शेष तिरंगों की बिक्री भी जारी रही। प्रदेश के करीब 2800 डाकघरों के माध्यम से लोगों तक तिरंगे पहुंचाए गए। घरों में ध्वजारोहण के साथ पंचायतों, सामाजिक कार्यक्रमों और स्वतंत्रता दिवस समारोहों के लिए भी लोगों ने तिरंगे खरीदे। 

डाक विभाग की ओर से मांग के अनुसार पोस्टमैन के माध्यम से भी झंडे उपलब्ध करवाए गए। जिला कांगड़ा मुख्यालय धर्मशाला डाकघर के एसपी रविंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि लोगों की बढ़ती मांग को देखते हुए प्रदेश में कुल 18 हजार 302 तिरंगे उपलब्ध करवाए गए थे। 14 अगस्त शाम तक 17 हजार 454 तिरंगे बिक चुके थे और शेष की बिक्री जारी थी। उन्होंने कहा कि विभाग का प्रयास है कि स्वतंत्रता दिवस पर अधिक से अधिक घरों पर तिरंगा लहराए और हर घर तिरंगा अभियान सफल बने।

हर घर तिरंगा लगाने की अपील

डाक विभाग ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की। तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर हर घर तिरंगा अभियान में भागीदारी करने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया।

आंकड़ा बढ़ाया

डाक विभाग के अनुसार शुरुआत में 16 हजार तिरंगे बिक्री के लिए डाकघरों में भेजे गए थे, लेकिन लोगों की बढ़ती मांग को देखते हुए अतिरिक्त झंडों की व्यवस्था की गई। इसके बाद कुल उपलब्धता 18 हजार 302 तक पहुंची। 14 अगस्त शाम तक 17 हजार 454 तिरंगे बिकने से साफ है कि स्वतंत्रता दिवस से पहले ही प्रदेश में तिरंगे की खूब मांग रही।

No comments