300 करोड़ की ‘लव एंड वॉर’ का फर्स्ट लुक जल्द होगा जारी, रणबीर-आलिया की जोड़ी दिखाएगी नया अंदाज

नई दिल्ली। बॉलीवुड की मोस्ट अवेटेड पीरियड रोमांस फिल्म ‘लव एंड वॉर’ को लेकर फैंस का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बन रही इस फिल्म की पहली आधिकारिक झलक जल्द सामने आ सकती है। फिल्म में रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेकर्स स्वतंत्रता दिवस के मौके पर यानी 15 अगस्त को फिल्म के मुख्य कलाकारों के कैरेक्टर पोस्टर जारी कर सकते हैं। यह फिल्म की पहली आधिकारिक झलक होगी। हालांकि, अभी तक मेकर्स की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
फर्स्ट लुक के साथ मिल सकता है बड़ा सरप्राइज
खबरों की मानें तो संजय लीला भंसाली फैंस के लिए एक खास सरप्राइज की तैयारी भी कर रहे हैं। फिल्म के फर्स्ट लुक को वीडियो फॉर्मेट में पेश करने पर भी विचार किया जा रहा है। हालांकि, यह तय नहीं है कि वीडियो रिलीज होगा या सिर्फ पोस्टर्स जारी किए जाएंगे।
अंतिम चरण में पहुंची फिल्म की शूटिंग
‘लव एंड वॉर’ का प्रोडक्शन अब अंतिम चरण में है। रिपोर्ट्स के अनुसार, विक्की कौशल अपने हिस्से की शूटिंग पूरी कर चुके हैं, जबकि रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के बाकी हिस्सों की शूटिंग जल्द पूरी होने की उम्मीद है।
भंसाली की सबसे महंगी फिल्म बनने की चर्चा
संजय लीला भंसाली की इस फिल्म को लेकर कहा जा रहा है कि इसका बजट करीब 300 करोड़ रुपये है। अगर रिपोर्ट्स सही साबित होती हैं तो यह भंसाली के करियर की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल होगी। फिल्म को जनवरी 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज किए जाने की योजना है।
‘लव एंड वॉर’ में रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की जोड़ी एक बार फिर पर्दे पर नजर आएगी, जबकि विक्की कौशल भी अहम भूमिका निभाते दिखाई देंगे। फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।
No comments