Recent Posts

Breaking News

गुना में इंसानियत शर्मसार: किसान को चप्पलों की माला पहनाकर गांव में घुमाया, सदमे में कीटनाशक पीकर दी जान

  • महिला के घर से चले जाने के मामले में शक के आधार पर बनाया था निशाना; 45 दिन बाद वायरल हुआ वीडियो, पुलिस ने दर्ज किया केस

गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिले के राघौगढ़ क्षेत्र में सार्वजनिक अपमान और कथित तौर पर मारपीट का एक मामला बेहद दुखद मोड़ ले गया। शादीशुदा महिला के घर से चले जाने के मामले में शक के आधार पर एक किसान को कथित तौर पर बंधक बनाकर पीटा गया, उसके गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाई गई और गांव में घुमाया गया। इस घटना का वीडियो करीब डेढ़ महीने बाद सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद किसान ने कथित तौर पर कीटनाशक पीकर जान दे दी।

मामला जंजाली चौकी क्षेत्र के होरिबे गांव का है। करीब डेढ़ महीने पहले गांव की एक शादीशुदा महिला घर से चली गई थी। आरोप था कि वह गांव के ही एक युवक के साथ गई है। महिला के ससुराल पक्ष को शक था कि इस मामले में युवक के चाचा और किसान अजोड़ सिंह बंजारा (45) की भूमिका है।

परिजनों का आरोप है कि इसी शक में कुछ लोगों ने अजोड़ सिंह को घर से उठा लिया और घंटों तक उसके साथ मारपीट की। कथित तौर पर उसे बंधक बनाकर गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाई गई और पूरे गांव में घुमाया गया। इस दौरान किसी व्यक्ति ने मोबाइल फोन से वीडियो भी बना लिया।

112 टीम ने भीड़ से छुड़ाया था

घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और अजोड़ सिंह को भीड़ से छुड़ाकर ले गई थी। पीड़ित ने बाद में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को लिखित शिकायत भी दी थी।

कुछ समय बाद मामला शांत हो गया, लेकिन परिजनों के मुताबिक घटना का मानसिक आघात अजोड़ सिंह के मन से नहीं गया।

45 दिन बाद वायरल हुआ पुराना वीडियो

परिजनों का आरोप है कि करीब 45 दिन बाद उसी घटना का पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिया गया। वीडियो तेजी से वायरल हुआ और इसकी जानकारी अजोड़ सिंह को भी हुई। परिजनों के अनुसार वीडियो सामने आने के बाद वह गहरे मानसिक तनाव में रहने लगा था।

उसके चचेरे भाई तोफान सिंह के मुताबिक, अजोड़ बार-बार कहता था कि अब लोग उस पर उंगली उठाएंगे और उसका मजाक उड़ाएंगे। वह समाज में खुद को अपमानित महसूस कर रहा था। इसके बाद उसने कथित तौर पर कीटनाशक पी लिया।

परिजन उसे तत्काल राघौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल गुना रेफर कर दिया। हालांकि, गुना ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

आत्महत्या के लिए उकसाने और SC-ST एक्ट में केस

घटना के बाद पुलिस ने पुराने मामले के साथ आत्महत्या के लिए उकसाने और एससी-एसटी एक्ट की धाराओं के तहत भी प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के पास डायल-112 के माध्यम से पहले से घटना की शिकायत दर्ज थी।

अब पुलिस वायरल वीडियो को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज रही है। वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की जा रही है और कुछ लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी गई है।

गांव में सन्नाटा, परिवार में मातम

अजोड़ सिंह की मौत के बाद होरिबे गांव में सन्नाटा पसरा है। परिवार में पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार अजोड़ सिंह एक सीधा-सादा किसान था।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 

No comments