मुझे चाइनीज मत बोलो, मैं इंडियन हूं’: ईटानगर की इस मासूम बच्ची के जवाब ने जीता पूरा देश का दिल

ईटानगर : अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर की छोटी सी बच्ची करगा टिंकल गोंगो इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। उत्तर-पूर्व (नॉर्थ-ईस्ट) के लोगों को उनकी शक्ल-सूरत के आधार पर ‘चाइनीज’ कहे जाने के चलन पर इस मासूम बच्ची ने बेहद करारा और भावुक जवाब दिया है। टिंकल का यह वीडियो सामने आने के बाद से पूरे देश में वायरल हो गया है और हर कोई इस बेटी की बेबाकी की तारीफ कर रहा है।
आइसक्रीम खरीदते वक्त का एक साधारण वीडियो बना मिसाल
पूरा मामला तब शुरू हुआ जब टिंकल की मां अपनी बेटी का एक साधारण सा वीडियो बना रही थीं। उस दिन टिंकल आइसक्रीम खरीदने की जिद कर रही थी और उसने अपनी मां से 10 रुपये मांगे थे। मां ने उसे पैसे दिए, उसके आइसक्रीम खरीदने का वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। किसी ने भी नहीं सोचा था कि यह प्यारा सा वीडियो इतनी तेजी से वायरल हो जाएगा और एक बड़े सामाजिक मुद्दे को सबके सामने ले आएगा।
भद्दे कमेंट पर मासूम का दिल छू लेने वाला जवाब
वीडियो पोस्ट होने के बाद एक यूजर ने उस पर कमेंट किया कि यह चाइनीज बच्ची हिंदी क्यों बोल रही है और क्या कोई चाइनीज बच्चा हिंदी बोल सकता है? जब टिंकल की मां ने उसे यह बात बताई कि कोई उसे चाइनीज कह रहा है, तो बच्ची बहुत उदास हो गई। उसने अपनी मां से कहा कि वह खुद एक और वीडियो बनाएगी। कैमरे के सामने आकर टिंकल ने बड़ी मासूमियत लेकिन दृढ़ता से कहा, “मुझे चाइनीज मत बोलो, हम इंडियन ही हैं। चाइनीज बोलने से मेरा मन दुखी होता है।”
नॉर्थ-ईस्ट के लोगों की भावनाओं का आईना है यह वीडियो
अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न हिस्सा है, लेकिन अक्सर वहां के लोगों को इस तरह की संकीर्ण मानसिकता और नस्लीय टिप्पणियों का सामना करना पड़ता है। टिंकल गोंगो के इस वीडियो ने इंस्टाग्राम और फेसबुक पर लाखों व्यूज बटोर लिए हैं। इस छोटी सी बच्ची के संदेश ने न सिर्फ लोगों के दिलों को छुआ है, बल्कि यह भी याद दिलाया है कि देश के हर कोने के नागरिक की पहचान भारतीय के रूप में ही होनी चाहिए।
No comments