शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचा प्रेमी: रंगे हाथों पकड़कर परिजनों ने दोनों को रस्सी से बांधा, लाठी-डंडों से दी तालिबानी सजा

Kanpur : उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले से प्रेम प्रसंग के चक्कर में अमानवीयता की सारी हदें पार करने वाला एक खौफनाक मामला सामने आया है। जिले के डेरापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले खिरवां डेरा गांव में एक युवक अपनी शादीशुदा प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों को रंगे हाथों दबोच लिया। आक्रोशित भीड़ ने कानून को अपने हाथ में लेते हुए दोनों को रस्सी से बांध दिया और फिर लात-घूंसों व लाठी-डंडों से जमकर तालिबानी सजा दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
बाहर से दरवाजा बंद कर बुलाई गई भीड़
मिली जानकारी के अनुसार, युवक दिनदहाड़े अपनी कथित प्रेमिका से मिलने उसके घर के अंदर गया हुआ था। इसी बीच गांव के कुछ लोगों को इसकी भनक लग गई। होशियारी दिखाते हुए ग्रामीणों ने चुपके से बाहर से घर का दरवाजा बंद कर दिया और आसपास खेतों में काम कर रहे युवती के परिजनों को तुरंत इसकी सूचना दे दी। जैसे ही परिजन दौड़ते हुए घर पहुंचे और दरवाजा खोला, तो प्रेमी युगल को आमने-सामने पाकर उनका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उन्होंने आव देखा न ताव, दोनों पर हमला बोल दिया।
रस्सी से बांधकर पीटा, दो महीने पहले बढ़ा था संपर्क
आरोप है कि गुस्से से पागल हुए परिजनों और ग्रामीणों ने बेरहमी दिखाते हुए युवक और युवती दोनों को रस्सियों से कसकर बांध दिया। इसके बाद उनके साथ लाठी-डंडों और लात-घूंसों से ताबड़तोड़ मारपीट की गई। पिटाई के बाद दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, युवती का पहले से ही घर के सामने रहने वाले एक अन्य युवक के साथ पिछले करीब 6 साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। हालांकि, पिछले दो महीनों से उसके संबंध खिरवां गांव के ही इस नए युवक से भी बन गए थे और दोनों के बीच नजदीकियां लगातार बढ़ रही थीं, जिसके चलते युवक उससे मिलने उसके घर पहुंचा था।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो, पुलिस ने शुरू की जांच
इस पूरी घटना का किसी ने वीडियो बना लिया जो अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह प्रेमी जोड़े को प्रताड़ित किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डेरापुर थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने इस पर बयान दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान ले लिया है और पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य और सबूत सामने आएंगे, उनके आधार पर कानून का उल्लंघन करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।
No comments