Recent Posts

Breaking News

‘झंडा फहराने चलो…’: स्वतंत्रता दिवस के दिन पटना में सनसनी, घर से बुलाकर युवक के सिर में मारी गोली

Patna : स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर बिहार की राजधानी पटना से सटे बाढ़ अनुमंडल क्षेत्र से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खौफनाक वारदात सामने आई है। सालिमपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में देशभक्ति के जश्न के बीच महज पैसों के पुराने विवाद के चलते एक 26 वर्षीय युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

झंडा फहराने के बहाने घर से बुलाया

मृतक की पहचान खुसरूपुर थाना क्षेत्र के लोदीपुर निवासी वीरू कुमार (उम्र 26 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बेहद चौंकाने वाली जानकारी दी है। परिजनों के मुताबिक, स्वतंत्रता दिवस की सुबह मझौली पंचायत के वर्तमान मुखिया (जुल्मी मुखिया) का भांजा सोनू कुमार वीरू के घर पहुंचा और उसे झंडा फहराने के कार्यक्रम में चलने के लिए कहा। इस पर वीरू ने कहा कि वह स्नान-ध्यान करने के बाद पहुंचेगा। इसके कुछ ही देर बाद जुल्मी मुखिया के दो अन्य भांजे, अजीत कुमार और प्रिंस कुमार वीरू के घर पहुंचे और जबरन उसे अपने साथ बाइक पर बैठाकर ले गए।

सड़क पर मिला खून से लथपथ शव

वीरू के घर से निकलने के कुछ ही देर बाद ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी कि वीरू की गोली मारकर हत्या कर दी गई है और उसका खून से लथपथ शव सड़क पर पड़ा हुआ है। इस खबर के मिलते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। घटना की सूचना मिलते ही सालिमपुर थाना अध्यक्ष मनोज कुमार भारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ अनुमंडल अस्पताल भेज दिया।

पैसों के विवाद में दोस्त ने उतारे प्राण

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और मृतक आपस में दोस्त थे और घटना के वक्त दोनों साथ ही थे। सालिमपुर थाना अध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि आरोपी ने वीरू के सिर में सटाकर गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। शुरुआती जांच में दोनों के बीच पैसों का पुराना विवाद सामने आ रहा है। उधर, मृतक वीरू कुमार के बड़े भाई रामधारी यादव ने रोते-बिलखते हुए पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है और सीधे तौर पर मुखिया के रिश्तेदारों पर धोखे से बुलाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।

No comments