मौत के मुंह से महिला को खींच लाई नेपाल सेना, आंखों के सामने उजड़ गई दुनिया, मिट्टी से सनी सदमें में बैठी रही.
Nepal News Hindi: नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन ने हजारों परिवारों की जिंदगी बदल दी है. कहीं घर बह गए तो कहीं सड़कें और पुल मलबे में दब गए. इसी तबाही के बीच एक और वीडियो ने लोगों को भीतर तक झकझोर रही है.
मिट्टी से पूरा शरीर सना एक महिला पहाड़ की ऊंचाई पर बैठी दिखाई दे रही है. चेहरे पर डर और सदमा साफ नजर आ रहा है. नीचे नजर डालने पर पानी और मलबे से मची तबाही दिखाई देती है. कुछ ही देर पहले तक जहां जिंदगी रही होगी, वहां अब सिर्फ विनाश नजर आ रहा है. वीडियो में दिखने वाली महिला को नेपाल सेना की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला था. उसके पास एक युवक और नेपाल सेना के चार जवान भी नजर आ रहे हैं. हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि महिला बाढ़ की चपेट में आने के वक्त अकेली थी या उसके साथ परिवार के दूसरे लोग भी थे. लेकिन उसके चेहरे पर दिख रहा सदमा इस आपदा की भयावहता को बयां करने के लिए काफी है.
मिट्टी में सना शरीर, आंखों में सदमा
वीडियो में महिला बेहद मुश्किल हालात से निकलने के बाद एक ऊंचे स्थान पर बैठी नजर आती है. उसके कपड़ों और शरीर पर मिट्टी लगी है. वह एकटक देखती रहती है, जैसे अभी भी यकीन नहीं कर पा रही हो कि वह जिंदा बच गई है. उसके नीचे पहाड़ी इलाके में बाढ़ का मलबा फैला दिखाई देता है. पानी अपने साथ घरों, सामान और दूसरी चीजों को बहा ले गया है. यह सिर्फ एक व्यक्ति के बचने की कहानी नहीं, बल्कि उस तबाही की तस्वीर है जिसमें कई परिवारों ने अपना सब कुछ खो दिया.
नेपाल सेना ने जोखिम लेकर बचाई जान
ऐसे हालात में नेपाल सेना के जवान लगातार राहत और बचाव अभियान में जुटे हुए हैं. बाढ़ और मलबे के बीच फंसे लोगों तक पहुंचना आसान नहीं है. कई जगह सड़कें और रास्ते तबाह हो चुके हैं और पहाड़ी इलाकों में हालात लगातार चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं. तस्वीर में भी चार नेपाली जवान महिला के पास मौजूद दिखाई देते हैं. यह बताता है कि बचाव दल किस तरह जोखिम उठाकर लोगों तक पहुंच रहा है.
No comments