Recent Posts

Breaking News

रेकी के बाद बंद घरों में चोरी करने वाले गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, तीन बदमाश गिरफ्तार

Jhansi : दूसरे राज्यों के क्रिमिनलों ने झांसी में अपना अड्डा बना लिया है। आए दिन दूसरे राज्यों के क्रिमिनलों द्वारा घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। एेसा ही एक गिरोह सीपरी बाजार थाने की पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। गिरोह के पास से चोरी का माल बरामद किया है। यह गिरोह बंद मकानों की रैकी कर ताला तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में सीपरी बाजार थाने की पुलिस ने चोरी करने वाले बदमाशों की तलाश में लगी थी, तभी सूचना मिली कि चोरी करने वाले बदमाश काशीराम पार्क के पीछे स्थित बंद पड़े क्रेशर के पास छिपे है। इस सूचना पर गई टीम ने घेराबंदी की तो क्रिमिनलों ने पुलिस दल पर फायरिंग की। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। बाद में घेराबंदी कर तीन क्रिमिनलों को गिरफ्तार कर लिया जबकि उनके दो साथी भागने में सफल हो गए।

पुलिस के मुताबिक राजस्थान के जनपद भीलवाड़ा के थाना शाहपुरा के ग्राम आमली कला निवासी रामस्वरूप, थाना शाहपुरा के ग्राम बाचा बस्ती निवासी कालू उर्फ भूरा बागरिया व थाना शाहपुरा के ग्राम तहनाल निवासी सत्यनारायण उर्फ सत्तू पवार को गिरफ्तार कर लिया। जबकि राजस्थान के जनपद के थाना भिनाई के ग्राम केरोठ निवासी नारायण बागरिया व थाना शाहपुरा के ग्राम नासरदा चौराहा के पास रहने वाले महेन्द्र बागरिया भागने में सफल हो गए। इनकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।

अभियुक्तों ने बताया है कि वे राजस्थान के विभिन्न जनपदों के निवासी हैं तथा एक अंतर्राज्यीय संगठित चोरी गिरोह के सदस्य हैं। अभियुक्त अपने अन्य साथियों के साथ विभिन्न राज्यों एवं जनपदों में बंद मकानों की रेकी कर लोहे के सब्बलों से ताला एवं दरवाजे तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे तथा चोरी किए गए माल एवं नकदी का आपस में बंटवारा कर लेते थे। पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों नारायण बागरिया एवं महेन्द्र बागरिया के साथ मिलकर 2 अगस्त 2026 को थाना सीपरी बाजार क्षेत्र स्थित मुंशीराम कम्पाउण्ड के बंद मकान में चोरी की घटना को अंजाम दिया था।

बरामद नकदी एवं आभूषण उसी चोरी की घटना से संबंधित हैं। फरार दोनों अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमों द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से एक अदद देशी तमंचा 315 बोर, एक अदद देशी तमंचा 12 बोर, तीन अदद जिन्दा कारतूस, एक अदद खोखा कारतूस, तीन अदद लोहे के सब्बल, 12,790/- नकद, तीन अदद पीली धातु की अंगूठियों एवं दो जोड़ी सफेद धातु की बिछिया बरामद की गई।

No comments