Recent Posts

Breaking News

बाबा रामदेव का बड़ा बयान: Gen-Z आंदोलन पर जताई चिंता, कहा- ‘सरकारी नौकरियों के इंटरव्यू में होता है 99% घोटाला, सुधर जाओ वरना…’

हरिद्वार : योगगुरु बाबा रामदेव ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हरिद्वार में मीडिया से बातचीत के दौरान देश की मौजूदा शिक्षा व्यवस्था, सरकारी भर्ती प्रक्रियाओं और युवाओं के ‘जेन-जी’ (Gen-Z) आंदोलन को लेकर तीखे सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि आज देश में चारों तरफ हंगामा मचा हुआ है, जिसकी मुख्य वजह शिक्षा व्यवस्था में बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी, नकल और लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामले हैं। बाबा रामदेव ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि समय रहते इन गड़बड़ियों को नहीं सुधारा गया, तो देश में और भी बड़े आंदोलन देखने को मिल सकते हैं।

शिक्षा व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं पर खड़े किए सवाल

बाबा रामदेव ने देश के छोटे-छोटे स्कूलों और कॉलेजों की दयनीय स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि आज भी कई शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों, बिजली, पानी, किताबें और यहां तक कि शौचाल जैसी मूलभूत सुविधाओं का घोर अभाव है। उन्होंने व्यवस्था पर तंज कसते हुए कहा कि जिन संस्थानों में सब कुछ उपलब्ध है, वहां पढ़ाई के नाम पर बड़े पैमाने पर नकल होती है और पेपर लीक जैसी घटनाएं युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रही हैं। बच्चों का यह आक्रोश और आंदोलन इस व्यवस्था की विफलता का ही परिणाम है।

‘इंटरव्यू में होता है 90 से 99 प्रतिशत तक घोटाला’

सरकारी नौकरियों में भ्रष्टाचार का जिक्र करते हुए बाबा रामदेव ने बेहद गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों की चयन प्रक्रियाओं और विशेषकर इंटरव्यू के दौरान 90 से 99 प्रतिशत तक घोटाला होता है। इंटरव्यू लेने वाले लोग अक्सर अपनी जाति, वर्ग, समुदाय और वैचारिक पृष्ठभूमि के लोगों को नौकरियां दे देते हैं और बाकी योग्य युवाओं को दरकिनार कर देते हैं। उन्होंने इसे अत्यंत अपमानजनक और लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों के खिलाफ बताया।

’50 लाख से 1 करोड़ रुपये लेकर बांटी जा रही हैं नौकरियां’

भ्रष्टाचार पर हमला बोलते हुए बाबा रामदेव ने कहा कि एक तरफ देश ‘सत्यमेव जयते’ की बात करता है, तो दूसरी तरफ पहले से ही यह तय कर लिया जाता है कि किस तरह लाखों-करोड़ों रुपये लेकर नौकरियां बांटी जाएंगी। उन्होंने दावा किया कि आज के समय में सरकारी नौकरियों में 50 लाख रुपये से लेकर 1 करोड़ रुपये तक लेकर भर्ती का गंदा खेल चल रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि देश में इसी तरह लगातार आंदोलन चलते रहे, तो देश की गति थम जाएगी।

‘सुधर जाओ, वरना बाबा रामदेव को दोबारा करना पड़ेगा आंदोलन’

सरकार और व्यवस्था को चेतावनी देते हुए योगगुरु ने कहा, “अभी भी वक्त है, सुधर जाओ… इन घपलों को ठीक कर लो।” हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे आंदोलन के नाम पर किसी भी प्रकार की अराजकता का समर्थन नहीं करते हैं, लेकिन यह कड़वा सच है कि देश में भ्रष्टाचार और घपले बड़े पैमाने पर हो रहे हैं। उन्होंने अंत में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ये खामियां दूर नहीं की गईं, तो एक बार फिर बाबा रामदेव को सड़कों पर उतरकर आंदोलन करना पड़ सकता है। इसके अलावा, उन्होंने मौजूदा राजनीतिक माहौल पर चिंता जताते हुए कहा कि आज देश की संसद में पक्ष और विपक्ष के बीच ऐसा माहौल बन गया है, मानो वे भारत और पाकिस्तान की तरह आमने-सामने खड़े हों।

No comments