पटना सिटी में बस ने युवक को कुचला, मौत के बाद बवाल; बस-पुलिस की गाड़ियों में लगाई आग, NH-30 जाम

पटना सिटी। अगमकुआं थाना क्षेत्र के बड़ी पहाड़ी के पास राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-30 पर शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार यात्री बस ने एक युवक को कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी 26 वर्षीय मनीष कुमार के रूप में हुई है।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और देखते ही देखते आक्रोश बढ़ गया। गुस्साई भीड़ ने दुर्घटना में शामिल यात्री बस में आग लगा दी। बस में सवार यात्रियों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इसके बाद भीड़ ने पुलिस की दो गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया।
हंगामा यहीं नहीं रुका। एनएच-30 से गुजर रहे कई अन्य वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई। सूचना मिलने के बाद कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन भीड़ इतनी उग्र थी कि पुलिसकर्मियों को पीछे हटना पड़ा। बताया जा रहा है कि भीड़ ने पुलिस को भी खदेड़ दिया।
हंगामे के दौरान एक मीडियाकर्मी के साथ मारपीट की गई और उसकी गाड़ी में भी आग लगा दी गई। आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों को भी स्थिति बिगड़ने के बाद वहां से हटना पड़ा और उन्होंने किसी तरह अपनी जान बचाई।
युवक की मौत के बाद भड़का आक्रोश
बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार बस की चपेट में आने के बाद मनीष कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के तुरंत बाद बस चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने बस में आग लगा दी। बस में सवार यात्री आनन-फानन में नीचे उतरकर सुरक्षित स्थान की ओर भागे।
हंगामे के कारण एनएच-30 पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। तेज धूप के बीच कई यात्री घंटों जाम में फंसे रहे। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया और लोगों को समझाने का प्रयास किया।
पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य होने लगी। अब यातायात व्यवस्था बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।
No comments