12 साल पहले जिस महिला की हत्या हुई थी; अब मिली जिंदा... पति-ससुर ने काटी जेल, उठे कई बड़े सवाल

सासाराम: बिहार के रोहतास जिले से पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. सासाराम में जिस महिला की 12 साल पहले हत्या का दावा किया गया था. जिसकी लाश मिलने की बात कहकर पुलिस ने मामला दर्ज किया था, वह महिला आज जिंदा बरामद हुई है.
इस झूठे केस के कारण महिला के पति, ससुर और जेठ सालों तक जेल की सजा काट चुके हैं. उनका पूरा परिवार तबाह हो गया.
क्या है पूरा मामला?
मामला डेहरी के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बालरति बिगहा (दहाउर) का है. अगस्त 2014 में सरस्वती देवी उर्फ शकुंतला देवी अपने एक रिश्तेदार के साथ अचानक गायब हो गई थी. इसके कुछ ही दिनों बाद 22 अगस्त 2014 को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खंडा गांव स्थित नहर से एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ. लापता महिला के भाई ने नहर से मिली लाश की पहचान अपनी बहन सरस्वती देवी के रूप में की. इसके बाद पति समेत ससुराल पक्ष के 8 लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई गई. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए पति अरुण मेहता, ससुर दिलीप मेहता और जेठ गोविंद कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. शव का पोस्टमार्टम भी कराया गया था. गांव के चौकीदार ने भी पहचान की पुष्टि की थी.
झारखंड के गढ़वा से हुई बरामदगी
हाल ही में पीड़िता के ससुराल वालों को गुप्त सूचना मिली कि सरस्वती देवी नाम बदलकर झारखंड के गढ़वा जिले के कांडी थाना क्षेत्र (लभारी गांव) में रह रही है. वह वहां कांति देवी नाम से रट्टू सिंह नामक व्यक्ति के साथ रह रही थी. परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना रोहतास एसपी मिस्टर राज को दी. एसपी के निर्देश पर डेहरी मुफस्सिल पुलिस की एक विशेष टीम झारखंड भेजी गई. जहां से महिला को सकुशल हिरासत में लेकर सासाराम कोर्ट में पेश किया गया. महिला का एक 22 साल का बेटा भी है. जिसे वह बचपन में ही छोड़कर चली गई थी.
पुलिस की जांच पर उठे गंभीर सवाल
महिला के जीवित मिलने के बाद अब कानून और पुलिसिया जांच पर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं. वह लाश किसकी थी? 12 साल पहले नहर से जिस महिला का शव बरामद हुआ था और जिसका पोस्टमार्टम कराया गया था, आखिर वह कौन थी? कैसी हुई पहचान? बिना पुख्ता वैज्ञानिक/डीएनए (DNA) जांच के पुलिस ने जीवित महिला को मृत मानकर तीन बेगुनाहों को सालों तक जेल में क्यों रखा?
पुलिस इस मामले की नए सिरे से कर रही जांच
रोहतास एसपी मिस्टर राज ने बताया कि पीड़ित परिवार ने करीब एक सप्ताह पहले उनसे मिलकर पूरे मामले की गुहार लगाई थी. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर जांच कराई गई. जिसके बाद पूरी सच्चाई सामने आ सकी. पुलिस अब इस मामले की नए सिरे से जांच कर रही है कि आखिर नहर से मिली लाश किसकी थी.
No comments