Recent Posts

Breaking News

12 घंटे ऑफिस में बैठकर भी नहीं मिलेगा प्रमोशन? वायरल वीडियो ने बताया करियर ग्रोथ का असली फॉर्मूला...

 


Office में देर तक बैठना, हर वक्त काम में बिजी दिखना और यह जताना कि आपके पास सांस लेने तक की फुर्सत नहीं है… क्या यही सफलता का रास्ता है? सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में एक महिला ने इसी सोच को लेकर ऐसी बात कही है, जो नौकरी करने वाले हर व्यक्ति को सोचने पर मजबूर कर सकती है.

उनका कहना है कि ऑफिस में मेहनत करना और वैल्यू पैदा करना, दोनों एक ही चीज नहीं हैं.

वीडियो में फ्रेयाज श्रॉफ नाम की महिला कहती हैं कि कई लोग पूरे दिन काम में उलझे रहते हैं. वे लगातार बिजी नजर आते हैं, लेकिन इसके बावजूद जरूरी नतीजे नहीं दे पाते. ऐसे में सिर्फ व्यस्त रहने से किसी कर्मचारी की अहमियत नहीं बढ़ती. असली फर्क तब पड़ता है, जब आपके काम से टीम, मैनेजर या कंपनी को कुछ ठोस फायदा मिले.

सिर्फ बिजी दिखना काफी नहीं

फ्रेयाज वीडियो में कहती हैं कि ऑफिस में प्रयास यानी effort और value यानी किसी के लिए उपयोगी परिणाम पैदा करना, दोनों अलग बातें हैं. आप किसी काम में घंटों लगा सकते हैं, बहुत मेहनत कर सकते हैं, लेकिन अगर आखिर में सही काम पूरा नहीं हुआ, तो सिर्फ मेहनत का दिखना काफी नहीं होगा.

यही वजह है कि कई बार कोई कर्मचारी पूरे दिन बेहद व्यस्त दिखाई देता है, लेकिन उसकी जिम्मेदारियां दूसरे लोगों पर आ जाती हैं. दूसरी तरफ, कोई व्यक्ति कम शोर-शराबे के साथ अपना जरूरी काम सही तरीके से पूरा करता है. ऐसे कर्मचारी पर धीरे-धीरे लोगों का भरोसा बनने लगता है.

भरोसे से बनती है असली वैल्यू

वीडियो में महिला आगे कहती हैं कि असली वैल्यू इस बात से बनती है कि लोग आप पर कितना भरोसा करते हैं. क्या आपके मैनेजर को भरोसा है कि आपको कोई जिम्मेदारी दी जाए तो आप उसे पूरा कर देंगे? क्या आपकी टीम जानती है कि मुश्किल समय में आप सिर्फ काम की बात नहीं करेंगे, बल्कि उसका समाधान भी निकालेंगे?

उनके मुताबिक, जब लोग यह जानने लगते हैं कि आप क्या कर सकते हैं और आपको दी गई जिम्मेदारी सुरक्षित हाथों में है, तो आपकी अहमियत बढ़ती है. यानी ऑफिस में वैल्यू सिर्फ ज्यादा काम करने से नहीं, बल्कि जिम्मेदारी निभाने, सही परिणाम देने और भरोसेमंद बनने से पैदा होती है. यहां देखें वीडियो… 

क्या किसी और के भरोसे टिकी है आपकी जिम्मेदारी?

महिला वीडियो के आखिर में एक सवाल भी उठाती हैं. वह पूछती हैं कि क्या आपकी जिम्मेदारियों का बोझ किसी और को उठाना पड़ता है? अगर आपके हिस्से का काम बार-बार दूसरे लोगों को संभालना पड़ता है, तो यह सोचने का समय है कि आप सिर्फ बिजी तो नहीं दिख रहे.

वीडियो का संदेश साफ है. ऑफिस में हर समय व्यस्त नजर आने की बजाय ऐसा काम करना जरूरी है, जिससे आपकी मौजूदगी का फर्क महसूस हो. लोगों का भरोसा जीतिए, अपनी जिम्मेदारी पूरी कीजिए और जरूरत पड़ने पर सही समाधान दीजिए. शायद करियर में आगे बढ़ने के लिए यही 'बिजी' और 'वैल्यूएबल' होने का सबसे बड़ा अंतर है.


No comments