जिस बेटे का कर चुके थे अंतिम संस्कार, 15 दिन बाद जेल में जिंदा मिला, परिवार के उड़े होश
पंजाब के कपूरथला से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. जिस युवक को परिवार मृत समझकर उसका अंतिम संस्कार कर चुका था, वह करीब 15 दिन बाद केंद्रीय जेल कपूरथला में जिंदा मिला.
जेल से फोन आने के बाद जब परिवार के लोग वहां पहुंचे और युवक को अपनी आंखों के सामने देखा, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा. परिवार की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े. दरअसल, गांव कादूपुर निवासी रवि कुमार की उम्र 24 साल है. वह 5 अगस्त को घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा. परिवार ने उसे काफी तलाश किया, लेकिन जब उसका कोई पता नहीं चला तो 11 अगस्त को थाना सिटी कपूरथला में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई.
परिवार कर चुका था अंतिम संस्कार
इसी दौरान पुलिस ने परिवार को बताया कि कांजली रोड पर एक ट्रेनिंग सेंटर के पास एक अज्ञात युवक का शव मिला है. पुलिस ने शव की तस्वीरें परिजनों को दिखाईं. शव की हालत खराब होने की वजह से परिवार और रिश्तेदारों को लगा कि यह रवि कुमार का ही शव है. परिवार ने शव की पहचान रवि के रूप में मानते हुए उसे अपने कब्जे में लिया और 13 अगस्त को अंतिम संस्कार कर दिया. इसके दो दिन बाद 15 अगस्त को रवि की आत्मिक शांति के लिए भोग की रस्म भी कर दी गई. परिवार को पूरी तरह यकीन हो चुका था कि उनका बेटा अब इस दुनिया में नहीं है.
15 दिन बाद बदल गई कहानी
लेकिन करीब 15 दिन बाद कहानी ने ऐसा मोड़ लिया, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी. 2 सितंबर को परिवार के पास केंद्रीय जेल कपूरथला से एक कर्मचारी का फोन आया. कर्मचारी ने बताया कि रवि कुमार नाम का एक युवक जेल में बंद है. बताया गया कि जालंधर पुलिस ने करीब एक महीने पहले उसे आवारागर्दी के आरोप में गिरफ्तार किया था. जेल से यह खबर मिलते ही परिवार के होश उड़ गए. उन्हें पहले तो विश्वास ही नहीं हुआ कि जिस बेटे का अंतिम संस्कार वे कर चुके हैं, वह जिंदा हो सकता है. इसके बाद परिवार के लोग अगले दिन केंद्रीय जेल कपूरथला पहुंचे. वहां उन्होंने रवि को जिंदा अपने सामने खड़ा देखा.
रवि को देखकर परिवार की खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा. जिस घर में कुछ दिन पहले मातम छाया हुआ था, वहां अचानक खुशियां लौट आईं. अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर जिस अज्ञात शव का परिवार ने अंतिम संस्कार किया, उसकी पहचान रवि के रूप में कैसे हुई. इस पूरे मामले में पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी. (एजेंसी इनपुट्स)

No comments