20 साल बाद मिली बचपन की सहेली, घर के 7 लोगों को कर दिया बेहोश, जानें एक बच्ची ने कैसे पकड़ी 'महिला चोर'
Gwalior News: ग्वालियर जिले के डबरा देहात थाना क्षेत्र में एक बड़ा मामला सामने आया है. यहां 20 साल बाद मिलने आई एक सहेली ने अपनी ही दोस्त के घर चोरी की वारदात को अंजाम दिया. पीड़ित महिला उर्मिला बघेल डबरा देहात थाना क्षेत्र के जेल रोड पर काली माता मंदिर के पास रहती हैं.
उर्मिला बघेल और आरोपी महिला भानुमति चौहान की दोस्ती 20 साल पहले उनके मायके उटीला में हुई थी.
शादी के बाद दोनों अपने-अपने ससुराल चली गई थीं. 20 साल बाद भानुमति अचानक उर्मिला के घर पहुंची. भानुमति ने उर्मिला को अपनी बातों के जाल में फंसाया. उसने बताया कि उसके पति की मौत हो चुकी है और वह परेशान होकर दर-दर भटक रही है. दोनों ने बचपन के पुराने दिनों को याद किया. इसके बाद शाम होते ही भानुमति चली गई.
कोल्ड्रिंक और लड्डू में नशीला पदार्थ मिलाया
एक दिन बाद शाम को भानुमति दोबारा उर्मिला के घर लौटी. वह अपने साथ कोल्ड्रिंक और लड्डू लेकर आई थी. भानुमति ने कोल्ड्रिंक और लड्डू में नशीला पदार्थ मिला दिया. उसने यह नशीला सामान घर के लोगों और किराएदारों को खिला दिया. इसे खाते ही घर में मौजूद 7 लोग बुरी तरह से बेहोश होकर सो गए.
चोरी की कोशिश पर पकड़ी गई
सबके बेहोश होने के बाद भानुमति ने चोरी शुरू कर दी. उसने उर्मिला के पैरों से पायल सहित अन्य लोगों के गहने उतारने शुरू कर दिए. इतने में ही उर्मिला की बेटी जाग गई. उर्मिला की बेटी ने न तो कोल्ड्रिंक पी थी और न ही लड्डू खाया था. उसने तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया.
आसपास के लोग जुटे, पुलिस बुला ली
शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए. स्थानीय लोगों ने चोरी करने आई महिला को पकड़ लिया. इसके बाद घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस महिला चोर को पकड़कर देहात थाने ले गई. फिलहाल देहात थाना पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
अस्पताल में भर्ती पीड़ित
नशीला पदार्थ खाने से घर और किराएदारों के 7 लोगों की तबीयत बिगड़ गई. बीमार होने वालों में उर्मिला (33 वर्ष), जितेंद्र (25 वर्ष), भावना (23 वर्ष), मोनिका (6 वर्ष), वंशिका (4 वर्ष), राहुल (19 वर्ष) और अभिकेश (18 वर्ष) शामिल हैं. इनमें से 3 बच्चों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है. पीड़ितों को उल्टी, दस्त, चक्कर आने और घबराहट की समस्या हो रही है. सभी का इलाज सिविल अस्पताल में जारी है. देहात थाना पुलिस ने पीड़िता उर्मिला की शिकायत पर भानुमति के खिलाफ चोरी और नशीला पदार्थ खिलाने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस आगे की कार्रवाई और जांच में जुटी हुई है.
No comments