Recent Posts

Breaking News

26 साल की मां ने पहले आग लगाई, फिर 8 महीने के मासूम को सीने से लगाकर कूद गई; खौफनाक था मंजर


झारखंड के धनबाद में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां 26 वर्षीय महिला सहाना परवीन ने अपने आठ महीने के मासूम बच्चे के साथ कथित तौर पर आग लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। आग लगाने के बाद महिला बच्चे को लेकर छत से नीचे कूद गईं, जिससे दोनों गंभीर रूप से झुलस गए।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और दोनों को बचाने की कोशिश की गई।

दफ्तर की टिन-शेड टूटी, टेबल पर जा गिरे मां-बेटे

आग की चपेट में आने के बाद सहाना परवीन अपने बच्चे को सीने से लगाए छत से एडवोकेट श्रीकांत वर्मा के कार्यालय की ओर छलांग लगा दीं। दोनों के नीचे गिरने से कार्यालय की टिन-शेड टूट गई और वे अंदर रखी टेबल पर जा गिरे।

घटना भूली थाना क्षेत्र के वासेपुर,आजाद नगर की है। स्थानीय लोगों की मदद से महिला और उसके मासूम बच्चे को आनन-फानन में इलाज के लिए अशरफी अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है और वे आग की चपेट में आने से बुरी तरह झुलस गए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ के साथ-साथ अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

ससुराल पक्ष का बयान

महिला की सास और ससुर ने भी घटना के समय घर पर मौजूद नहीं होने की बात कही है। उनका कहना है कि जब वे वापस घर पहुंचे तो घर के बाहर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा थी और उन्हें घटना की जानकारी मिली। सास-ससुर के अनुसार, उनकी बहू ने अपने और बच्चे के शरीर में आग लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की।

फिलहाल इस पूरी घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर महिला ने अपने मासूम बच्चे के साथ आग क्यों लगाई? क्या यह पारिवारिक विवाद से जुड़ा मामला है? क्या महिला ने खुद आग लगाई या फिर उसके साथ किसी तरह की मारपीट या जबरदस्ती की गई? इन तमाम सवालों का जवाब पुलिस की जांच के बाद ही सामने आ सकेगा।

No comments