पापा, ये आपका है... 30 साल रेंट के घर में रहने के बाद बेटी ने दिया ऐसा तोहफा, 3 दिन तक रोते रहे पिता
कुछ ऐसा ही एक पिता के साथ हुआ, जिन्होंने करीब 30 साल तक किराए के घर में रहकर अपने चार बच्चों की पढ़ाई और जरूरतों को सबसे ऊपर रखा. घर खरीदने का सपना था, लेकिन बच्चों की जिम्मेदारियों के बीच यह सपना पूरा नहीं हो सका. अब उनकी बेटी ने ऐसा सरप्राइज दिया, जिसे देखकर पिता अपने आंसू नहीं रोक पाए.
यह भावुक कहानी महारुख मोघल और उनके पिता की है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में महारुख अपने पिता को नया घर गिफ्ट करती नजर आ रही हैं. सबसे खास बात यह है कि उनके पिता को इस बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं थी. जब उन्हें घर की चाबी मिली और उन्होंने जाना कि यह घर उन्हीं के लिए खरीदा गया है, तो उनकी आंखों से आंसू निकल पड़े.
पिता ने बच्चों की पढ़ाई को दी प्राथमिकता
महारुख के मुताबिक, उनके पिता लगभग 30 साल तक किराए के घर में रहे. उन्होंने खुद का घर खरीदने के बजाय बच्चों की पढ़ाई और भविष्य को प्राथमिकता दी. परिवार में चार बच्चों की जिम्मेदारी संभालते हुए उन्होंने सालों तक खर्च उठाया. महारुख ने बताया कि जब वह पढ़ाई के लिए थाईलैंड गईं और बाद में कोरिया भी गईं, तब भी उनके पिता ने उनका साथ दिया. उनकी जरूरतों और सपनों को पूरा करने के लिए पिता हमेशा उनके पीछे मजबूती से खड़े रहे.
नौकरी शुरू की तो बेटी ने बना लिया प्लान
महारुख ने साल 2023 में काम करना शुरू किया. इसके बाद उन्होंने अपनी सैलरी का एक हिस्सा बचाना शुरू किया. उनका मकसद था कि एक दिन वह अपने माता-पिता के लिए घर खरीद सकें. धीरे-धीरे पैसे जमा हुए तो उन्होंने अपनी मां के साथ घर देखना शुरू किया. आखिरकार उन्हें क्वालालंपुर में एक घर पसंद आया. महारुख चाहती थीं कि यह घर वह अपने पिता को फादर्स डे के मौके पर सरप्राइज के तौर पर दें.
पापा को लगा भाई ने खरीदा है घर
सरप्राइज को छिपाकर रखने के लिए महारुख ने अपने पिता को कुछ भी नहीं बताया. फादर्स डे पर वह उन्हें बाहर खाने-पीने के बहाने लेकर गईं. इस दौरान उनके पिता को यही लगता रहा कि शायद यह घर उनके भाई ने खरीदा है. लेकिन असली सरप्राइज तब सामने आया, जब महारुख के चाचा ने उनके पिता को घर की चाबी दी और कहा कि यह उनका घर है. यह सुनते ही पिता भावुक हो गए. अपनी बेटी की इस पहल पर वह लगातार रोते रहे. महारुख के मुताबिक, उनके पिता कई दिनों तक भावुक रहे और कहते रहे कि आखिर उन्होंने ऐसा क्या किया था, जो उन्हें इतना बड़ा तोहफा मिला. यहां देखें वीडियो…
सोशल मीडिया पर लोग भी हुए भावुक
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स भी इस पिता-बेटी की कहानी से भावुक हो रहे हैं. एक यूजर ने लिखा कि यह हर माता-पिता का सपना होता है. वहीं, दूसरे यूजर ने इसे बच्चों की तरफ से माता-पिता को दिया जाने वाला सबसे खूबसूरत तोहफा बताया. कई लोगों ने यह भी कहा कि वे भी भविष्य में अपने माता-पिता के लिए ऐसा ही कुछ करना चाहते हैं. पिता ने जिंदगी भर बच्चों के सपनों के लिए मेहनत की और बेटी ने उनकी एक पुरानी इच्छा पूरी करके इस रिश्ते को एक यादगार पल दे दिया.
No comments