'ताकि बॉयफ्रेंड जी सके अच्छी लाइफ.' जयपुर में बैंक कर्मचारियों से लूटे 41.70 लाख, आरोपी की प्रेमिका ने क्या-क्या बताया?..

Jaipur ATM Cash Robbery: राजस्थान की राजधानी जयपुर में रामनगरिया थाना इलाके के अक्षय पात्र चौराहे के पास तीन दिन पहले कैश निकालने के दौरान 41.70 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है.
पुलिस ने इस नदबई के लालपुर निवासी 22 वर्षीय अंशु कुमारी जाटव को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी अंशु के पास से लूट के 26.80 लाख रुपये बरमद कर लिए.
जानकारी के अनुसार, आरोपी अंशु ने अपने प्रेमी और उसके उसके दो साथियों से साथ मिलकर साजिश रची थी. फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों को तलाश रही है. पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर को सुबह करीब 10:30 बजे अक्षयपात्र मंदिर के पास स्थित बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम से बैंक कर्मचारी कैश निकालकर बाहर आ रहे थे.
हथियार की नोक पर की लूट
उसी समय बाइक सवार दो बदमाशों ने हथियार की नोक पर कर्मचारियों को डरा-धमकाकर 41.70 लाख रुपये लूट लिए. इस मामले में जांच के दौरान पुलिस ने एक हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. जिसमें पता चला कि आरोपी अंशु कई दिनों से एटीएम की रेकी कर रही रही थी. इसके बाद पुलिस ने उसको चिह्नित करके पकड़ लिया.
पुलिस की पूछताछ में आरोपी अंशु ने बताया कि करौली का रहने वाला उसका प्रेमी मस्तराम एक बैंक कर्मचारी को जानता है, उसी ने बताया था कि अक्षयपात्र स्थित एटीएम से पैसे निकालने वाली ज्यादातर महिलाएं ही होती हैं. इनमें सिर्फ एक पुरुष होता है. उसके साथ सुरक्षा गार्ड भी नहीं होता. ऐसे में पैसों की लूट आसान होगी.
अंशु के कमरे में रची गई पूरी साजिश
इसके बाद मस्तराम ने अपनी प्रेमिका अंशु को करौली के रहने वाले अपने दोस्त पुष्पेंद्र मीणा और सुमित जंगम से मिलवाया. इसके बाद सभी ने अंशु के कमरे में एकत्र होकर साजिश रची. उसको रेकी के लिए भेजा. फिर 14 सिंतबर को जब बैंक कर्मचारी पैसे लेकर निकले तो अंशु ने कॉल करके इसकी सूचना दी. कुछ समय बाद आरोपी मौके पर पहुंचे और हथियार की नोक पर कर्मचारियों से पैसे लूट लिए.
शुरुआती जांच में पता चला है कि अंशु और उसके साथियों पर कर्ज था. इसलिए सभी ने लूट की इस वारदात को अंजाम दिया. आरोपियों ने 14 सितंबर का दिन इसलिए चुना क्योंकि इससे पहले तीन दिन छुट्टी थी और नकदी ज्यादा थी. फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों मस्तराम, पुष्पेंद्र मीणा और सुमित जंगम की तलाश में छापेमारी कर रही है.
No comments