क्लास में बिरयानी पर विवाद, 4 घंटे की सजा. फरीदाबाद में स्कूल की तीसरी मंजिल से कूदी छात्रा, मौत; अब आया स्कूल प्रबंधन का जवाब..
हरियाणा के फरीदाबाद के डबुआ-गाजीपुर रोड स्थित नवोदय विद्या निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मंगलवार को 11वीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा ने स्कूल की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी. हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई. उसे तत्काल एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर बीके अस्पताल रेफर किया गया.
बीके अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद छात्रा को मृत घोषित कर दिया. मृतका की पहचान डबुआ निवासी जानवी के रूप में हुई है.
जानवी के पिता प्रमोद कुमार ने स्कूल की एक शिक्षिका पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि कक्षा में छात्राओं के बीच बिरयानी खाने को लेकर विवाद हुआ था. आरोप है कि इस विवाद में उनकी बेटी की कोई गलती नहीं थी, इसके बावजूद उसे सजा दी गई. पिता के मुताबिक, स्कूल की कुछ छात्राओं ने उन्हें इस बारे में जानकारी दी.
प्रमोद कुमार का आरोप है कि स्कूट के टीचर ने जानवी को करीब चार घंटे तक धूप में खड़ा रखा गया. उनका कहना है कि इस घटना से उनकी बेटी काफी आहत थी. पिता ने आशंका जताई कि इसी मानसिक परेशानी के चलते जानवी ने स्कूल की तीसरी मंजिल से छलांग लगाने जैसा कदम उठाया.
प्रधानाचार्य ने सजा देने के आरोपों को बताया गलत
वहीं, स्कूल के प्रधानाचार्य आरके शर्मा ने छात्रा को सजा दिए जाने के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है. उनका कहना है कि जानवी को किसी तरह की सजा नहीं दी गई थी और स्कूल में उसके साथ ऐसा कोई व्यवहार नहीं हुआ, जैसा परिवार की ओर से आरोप लगाया जा रहा है.
प्रधानाचार्य के अनुसार, जानवी कक्षा में बाथरूम जाने की बात कहकर बाहर निकली थी. इसके बाद वह स्कूल की तीसरी मंजिल पर पहुंच गई और वहां से छलांग लगा दी. स्कूल प्रबंधन के मुताबिक, घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है.
पुलिस ने शुरू की जांच, सभी पहलुओं की होगी पड़ताल
घटना की सूचना मिलते ही डबुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्कूल परिसर का जायजा लिया और घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाना शुरू कर दिया है. पुलिस स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों, छात्राओं और मृतका के परिजनों से जानकारी ले रही है.
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि छात्रा तीसरी मंजिल तक कैसे पहुंची और घटना से पहले उसके साथ क्या हुआ था. छात्रा को कथित तौर पर सजा दिए जाने के आरोपों की भी जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि सभी पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

No comments