भारत का 6 लोगों वाला गांव, 300 साल पुराने घर में रहता है पूरा परिवार, अब यहां पहुंचा 4G नेटवर्क!

भारत में गांवों का बहुत खास महत्व है. गांव सिर्फ खेती-किसानी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये देश की संस्कृति, परंपराओं और लोक जीवन को भी अपने साथ लेकर चलते हैं. देश की बड़ी आबादी आज भी गांवों में रहती है और खेती, पशुपालन, डेयरी, हस्तशिल्प और छोटे कारोबार से लाखों लोगों की रोजी-रोटी जुड़ी है.
गांवों से हमें अनाज, फल, सब्जियां और कई दूसरी जरूरी चीजें मिलती हैं. गांवों की अपनी एक अलग पहचान भी होती है. कहीं लोकगीत और लोक कला पीढ़ियों से चली आ रही हैं, तो कहीं आज भी सदियों पुराने घर और परंपराएं देखने को मिलती हैं. यही वजह है कि भारत की असली विविधता को समझने के लिए गांवों को समझना भी जरूरी है. लेकिन क्या आपने कभी ऐसे गांव के बारे में सुना है, जहां न बाजार की चहल-पहल है, न घरों की लंबी कतार और न ही लोगों की भीड़? एक ऐसा गांव, जहां सिर्फ एक घर में पूरा गांव बसा हुआ है और वहां केवल 6 लोग रहते हैं.
दरअसल , जिस अनोखे गांव की हम बात कर रहे हैं, वो हिमाचल प्रदेश की स्पीति घाटी में मौजूद है. इसका गांव का नाम काकती गांव(kakati Village) है. काजा से करीब 10 किलोमीटर की दूरी पर ऊंचे पहाड़ी टीले पर बसा यह गांव अपनी बेहद कम आबादी और अनोखी लाइफस्टाइल के कारण बेहद खास है.
6 लोगों का पूरा गांव
काकती गांव में करीब 100 साल पुराने मिट्टी के घर में एक ही परिवार की कई पीढ़ियां रहती आ रही हैं। यहां दो भाई अपने परिवार से जुड़े हैं। छोटे भाई कलजंग टाकपा लामा परिवार की परंपरा के अनुसार बौद्ध भिक्षु यानी लामा बन चुके हैं और फिलहाल काजा स्थित एक बौद्ध गोंपा में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वहीं बड़े भाई छेरिंग नामगयल अपनी पत्नी रिंगजिन यूडन के साथ गांव में ही रहते हैं। छेरिंग के बड़े बेटे सोनम छोपेल भी लामा हैं और इस समय कांगड़ा और मंडी जिले की सीमा के पास स्थित चौंतड़ा बौद्ध मंदिर में शिक्षा ले रहे हैं। उनका दूसरा बेटा नवांग ज्ञालसन विशेष बच्चा है, जबकि तीसरा बेटा नवांग कुंगा टैक्सी चलाने का काम करते हैं। बताया जाता है कि यह परिवार अपने वंश की पांचवीं पीढ़ी का प्रतिनिधित्व कर रहा है और आज भी अपने पुश्तैनी मिट्टी के घर और करीब 15 बीघा जमीन से जुड़ा हुआ है। इसी जमीन पर खेती करके परिवार अपनी रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करता है और पहाड़ों के बीच सादगी भरी जिंदगी जी रहा है.

एक घर वाला गांव(फोटो: Instagram-@negi_amita_chhorgia)
300 साल पुराना है मिट्टी और पत्थरों का घर
काकती गांव की सबसे बड़ी पहचान उसका करीब 300 साल पुराना पारंपरिक मड हाउस है. मिट्टी और पत्थरों से बना यह घर सिर्फ परिवार के रहने की जगह नहीं है, बल्कि उनके पूर्वजों की विरासत भी है. हिमालयी इलाकों में इस तरह के घरों का निर्माण स्थानीय मौसम को ध्यान में रखकर किया जाता था. घर की मोटी मिट्टी की दीवारें अंदर के तापमान को संतुलित रखने में मदद करती हैं. गर्मियों में ये दीवारें बाहर की गर्मी को घर के अंदर आने से रोकती हैं और अंदर ठंडक बनाए रखने में मदद करती हैं, जबकि सर्दियों में घर की गर्माहट को लंबे समय तक अंदर बनाए रखती हैं. स्पीति जैसे बेहद ठंडे इलाके में इस पारंपरिक घर की अहमियत और भी बढ़ जाती है.
सर्दियों से पहले करना पड़ता है पूरा इंतजाम
स्पीति घाटी में सर्दियों का मौसम बेहद कठिन होता है. भारी बर्फबारी और जमा देने वाली ठंड के कारण कई बार घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो जाता है. रास्तों पर बर्फ जमने से आने-जाने के रास्ते बंद हो जाते हैं और गांव का संपर्क बाकी इलाकों से भी काफी हद तक कट जाता है. ऐसे हालात में काकती गांव में रहने वाले परिवार को सर्दियां शुरू होने से पहले ही कई महीनों की तैयारी करनी पड़ती है. उन्हें करीब छह महीने का राशन पहले से घर में जमा करना पड़ता हैं. इसके साथ ही दवाइयां, जलाने के लिए लकड़ी और पशुओं के लिए चारे का भी इंतजाम कर लिया जाता है. सर्दियों के कई महीने इसी तैयारी के सहारे घर के अंदर रहकर बिताने पड़ते हैं. इसलिए यहां के लोगों के लिए सर्दी सिर्फ मौसम नहीं, बल्कि हर साल आने वाली एक बड़ी चुनौती होती है.

देश का अनोखा गांव जहां रहता है बसा एक परिवार(फोटो:Instagram-@negi_amita_chhorgia)
2025 में पहुंचा 4G इंटरनेट
काकती गांव तक सुविधाएं धीरे-धीरे पहुंचीं. साल 2008 में गांव सड़क से जुड़ा, जिसके बाद यहां आने-जाने में काफी आसानी हुई. इसके बाद 2011 में घरों में बिजली का कनेक्शन भी पहुंच गया. लंबे समय तक बाकी दुनिया से सीमित संपर्क में रहने वाले इस गांव में नवंबर 2025 में बीएसएनएल ने 4G मोबाइल नेटवर्क भी शुरू कर दिया. गांव में मोबाइल टावर लगने के बाद जिंदगी काफी आसान हुई है. अब वहां के लोग मोबाइल के जरिए अपने परिवार और रिश्तेदारों से आसानी से संपर्क में रह सकते हैं और देश-दुनिया की खबरों से भी जुड़े रहते है.
बैंकिंग और अस्पताल जैसी सुविधाओं के लिए जाना पड़ता है काजा
लाहौल-स्पीति जिले के स्पीति क्षेत्र का मुख्यालय काजा में स्थित है. काकती गांव से काजा की दूरी सड़क मार्ग से करीब 10 किलोमीटर है, जबकि पहाड़ी पगडंडियों से यह दूरी लगभग 5 किलोमीटर रह जाती है. काजा स्पीति घाटी का प्रमुख बाजार भी है, जहां बैंक, स्कूल, अस्पताल और रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी कई सुविधाएं उपलब्ध हैं. हालांकि, छेरिंग नामगयल के लिए सर्दियों का मौसम सबसे बड़ी चुनौती बन जाता है. ठंड और बर्फबारी के दौरान अगर परिवार में कोई बीमार पड़ जाए तो उसे अस्पताल तक ले जाना मुश्किल हो जाता है, क्योंकि काकती से नजदीकी अस्पताल काजा में ही करीब 10 किलोमीटर दूर है.
No comments