दुनिया की सबसे अमीर बिल्ली, 839 करोड़ की है मालकिन, Instagram पर 42 लाख से ज्यादा लोग करते हैं फॉलो!

बिल्लियों की दुनिया ही निराली होती है. कोई बिल्ली दिनभर सोती रहती है, तो कोई घर में इधर-उधर घूमकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचती है. अपनी मासूम शक्ल, बड़ी-बड़ी आंखों और शरारती अंदाज की वजह से बिल्लियां लोगों को खूब पसंद आती हैं.
लेकिन क्या आपने कभी ऐसी बिल्ली के बारे में सुना है, जिसके पास करोड़ों की संपत्ति हो और जिसे दुनिया भर में लाखों लोग फॉलो करते हों? सुनने में भले ही यह अजीब लगे, लेकिन यह बिल्कुल सच है. हम बात कर रहे हैं नाला कैट (Nala Cat) की. यह सिर्फ एक पालतू बिल्ली नहीं है, बल्कि सोशल मीडिया की दुनिया में एक बड़ा नाम और ग्लोबल ब्रांड बन चुकी है. नाला की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इंस्टाग्राम पर उसके 42 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं और उसका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी दर्ज है.
शेल्टर होम से शुरू हुई नाला की कहानी
नाला की कहानी आज जितनी खास है, उसकी शुरुआत उतनी ही साधारण थी. साल 2010 में जब नाला सिर्फ पांच महीने की थी, तब उसे उसके मालिक वारिसिरी मेथाचिट्टीफन ने कैलिफोर्निया के एक एनिमल शेल्टर से गोद लिया था. उस समय शायद किसी ने नहीं सोचा होगा कि शेल्टर होम में रहने वाली यह छोटी-सी बिल्ली आगे चलकर दुनिया की सबसे मशहूर बिल्लियों में शामिल हो जाएगी. नाला को एक नया घर तो मिला ही, साथ ही उसकी जिंदगी ने भी ऐसा मोड़ लिया, जिसने उसे इंटरनेट स्टार बना दिया.
एक इंस्टाग्राम अकाउंट ने बदल दी पूरी कहानी
साल 2012 में नाला के मालिक ने उसके रोजमर्रा के पलों को लोगों के साथ शेयर करने के लिए इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया. शुरुआत में इसका मकसद सिर्फ नाला की तस्वीरें और वीडियो शेयर करना था, लेकिन धीरे-धीरे लोगों को उसकी तस्वीरें और मासूम हरकतें पसंद आने लगीं. उसका गोल-मटोल चेहरा, नीली आंखें और प्यारा अंदाज सोशल मीडिया यूजर्स को इतना पसंद आया कि उसका फैन बेस लगातार बढ़ता चला गया. देखते ही देखते नाला सोशल मीडिया की दुनिया की बड़ी स्टार बन गई. आज नाला के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 4.2 मिलियन यानी 42 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं. उसकी लोकप्रियता इतनी बढ़ी कि गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में उसका नाम इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा फॉलो की जाने वाली बिल्ली के तौर पर दर्ज किया गया. यानी जिस बिल्ली की तस्वीरें कभी सिर्फ उसके मालिक के लिए यादें थीं, वही तस्वीरें आगे चलकर लाखों लोगों के मनोरंजन का हिस्सा बन गईं.
839 करोड़ की है मालकिन
नाला की लोकप्रियता सिर्फ फॉलोअर्स तक सीमित नहीं रही. उसकी सोशल मीडिया पहचान ने एक बड़े बिजनेस को जन्म दिया. कुछ अनुमानों के मुताबिक नाला की कुल संपत्ति करीब 100 मिलियन डॉलर यानी लगभग 839 करोड़ रुपये आंकी गई है. इतनी बड़ी रकम सुनकर सवाल उठता है कि आखिर एक बिल्ली के नाम इतनी संपत्ति कैसे हो सकती है? इसका जवाब नाला की सोशल मीडिया लोकप्रियता और उससे जुड़े बिजनेस में छिपा है.
सोशल मीडिया से लेकर प्रोडक्ट्स तक
नाला कई ब्रांड्स के साथ जुड़ी रही है और उसकी लोकप्रियता का इस्तेमाल अलग-अलग तरह के प्रोडक्ट्स के लिए किया जाता है. उसके नाम से कपड़े, मग और दूसरी एक्सेसरीज भी बेची जाती हैं. सोशल मीडिया पर नाला से जुड़े प्रमोशनल पोस्ट भी कमाई का जरिया हैं. इस तरह नाला की प्यारी तस्वीरें और वीडियो सिर्फ लोगों का मनोरंजन ही नहीं करते, बल्कि एक बड़े कमर्शियल बिजनेस का हिस्सा भी बन चुके है. नाला की पहचान को एक कदम आगे ले जाते हुए उसके नाम से कैट फूड ब्रांड भी शुरू किया गया. इसका नाम Love Nala है. यह ब्रांड बिल्लियों के लिए फूड प्रोडक्ट्स तैयार करता है और नाला की कमाई के बिजनेस मॉडल का अहम हिस्सा माना जाता है. इसके अलावा नाला से जुड़ी किताबें और उसके अपीयरेंस वाले इवेंट्स भी उसकी ब्रांड वैल्यू बढ़ाते हैं.
एक गोद ली गई बिल्ली से ग्लोबल स्टार तक
नाला की कहानी इसलिए भी दिलचस्प है क्योंकि इसकी शुरुआत किसी बड़े ब्रीडर या मशहूर परिवार से नहीं हुई थी. वह कैलिफोर्निया के एक शेल्टर होम में थी, जहां से उसे गोद लिया गया. बाद में उसकी तस्वीरों और वीडियो ने उसे सोशल मीडिया स्टार बना दिया. आज नाला सिर्फ एक पालतू बिल्ली नहीं, बल्कि यह उदाहरण है कि सोशल मीडिया के दौर में एक मासूम-सी बिल्ली भी कैसे लाखों लोगों का दिल जीतकर एक बड़े ब्रांड में बदल सकती है.
No comments