Recent Posts

Breaking News

मिजोरम में छुट्टी से घर लौट रहे सैनिक की पीट-पीटकर हत्या, दो नाबालिग समेत 8 गिरफ्तार

मिजोरम में छुट्टी से घर लौट रहे सैनिक की पीट-पीटकर हत्या, दो नाबालिग समेत 8 गिरफ्तार


डिजिटल डेस्क, आइजोल। मिजोरम के कोलासिब जिले में रोड रेज की एक घटना में छुट्टी पर घर लौट रहे सैनिक की कुछ युवकों ने रविवार शाम को पीट-पीटकर हत्या कर दी।

एनएच-306 पर हुई इस घटना के सिलसिले में आठ लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं।


29 वर्षीय जकारिया लालहरियातलुंगा असम रेजिमेंट के जवान थे और उनकी पोस्टिंग जम्मू-कश्मीर में थी।

पुलिस अधीक्षक लालरिनपुइया वर्ते ने बताया कि आइजल के पास लेंगपुई एयरपोर्ट पर जकारिया के दोस्त लालतानपुइया ने उनकी अगवानी की।

दोनों एक ट्रक में कोलासिब जा रहे थे, जहां उनका पैतृक घर है। इसी बीच, काफी बागान इलाके में कावनपुई शहर के कुछ युवाओं ने उन पर कथित तौर पर हमला कर दिया। ये युवा पिकनिक से लौट रहे थे।

दोनों पक्षों के बीच मामूली ट्रैफिक विवाद हुआ, जो बाद में झगड़े में बदल गया। जकारिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक चला रहे लालतानपुइया को मामूली चोटें आईं।

जकारिया की मां की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करते हुए आठ लोगों को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच जारी है। छह आरोपितों को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा, जबकि दो नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के पास भेजा जाएगा।

No comments