दर्दनाक हादसा, 8 साल के बेटे को पीठ पर बांध नदी पार कर रही जांबाज मां डूबी, बुझा घर का चिराग
Maihar News: मध्य प्रदेश के मैहर जिले में उस समय एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब भरौली गांव की रहने वाली सबीना पटेल अपने 8 साल के बेटे सौरभ पटेल के साथ खेत की ओर जा रही थीं. खेत जाने के रास्ते में टमस नदी पड़ती है, तो उन्होंने अपने बेटे को पीठ पर बांध रखा था.
जब महिला नदी के बीच में पहुंची, तो अचानक वह गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी. महिला के साथ उसका पीठ पर बंधा हुआ बेटा भी डूब गया. इस हादसे की जानकारी जैसे ही आसपास मौजूद लोगों और परिजनों को हुई, तो दोनों को नदी से बाहर निकाला.
इलाज के दौरान बेटे ने तोड़ा दम
लोग उन्हें तुरंत इलाज के लिए मैहर के सिविल अस्पताल लेकर आए. अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चे का उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान 8 साल के सौरभ पटेल ने दम तोड़ दिया. वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल मां सबीना पटेल की हालत नाजुक बताई जा रही है. उन्हें अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टर्स की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है.
परिजनों ने बताया कैसे हुई घटना?
परिजन लक्ष्मण प्रसाद पटेल ने बताया कि सबीना अपने बेटे को पीठ पर बांधकर नदी पार कर रही थीं. इसी दौरान नदी के गहरे पानी में दोनों डूब गए. हादसे में उनके नाती सौरभ की मौत हो गई, जबकि बहू का अस्पताल में इलाज चल रहा है. जिस समय से दोनों डूबे, उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था. बहू ने नाती को पीठ पर इस वजह से बांधा कि वह कहीं डूब ना जाए.
पुलिस कर रही हादसे की जांच
घटना की सूचना मिलने पर अमदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है. घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है. पुलिस इस संबंध में कई लोगों से पूछताछ भी कर रही है.

No comments