ड्रग्स देते, रेप करते. 8 हैवानों ने कार से लेकर ट्रेन तक में नोचा शरीर; हैदराबाद में छात्रा से हैवानियत की हद पार

Hyderabad gangrape case: हैदराबाद के अलवाल थाना क्षेत्र में 16 साल की इंटरमीडिएट छात्रा के साथ गैंगरेप की घटना सामने आई है. पुलिस के मुताबिक, मामले में आठ युवकों की भूमिका सामने आई है.
सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस के अनुसार, पीड़िता मच्छाबोल्लारम इलाके की रहने वाली है.
स्कूल के दौरान उसकी पहचान एक युवक से हुई थी. आरोप है कि कुछ महीने बाद वरुण नाम के युवक ने उसे नशीला पदार्थ मिली चॉकलेट दी. चॉकलेट खाने के बाद छात्रा बेहोश हो गई. इसके बाद आरोपी उसे अपनी कार में ले गया और उसके साथ रेप किया.
पुलिस के मुताबिक, इसके बाद आरोपी के एक दोस्त ने भी छात्रा से संपर्क किया. आरोप है कि उसने उसे ड्रग्स, सिगरेट और गांजे का नशा कराया और बाद में कोमपल्ली इलाके में उसके साथ रेप किया. इससे पहले इंस्टाग्राम के जरिए छात्रा के संपर्क में आए एक अन्य युवक पर भी उसके साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप है.
माता-पिता की डांट के बाद घर से निकल गई थी
छात्रा के व्यवहार में बदलाव देखकर उसके माता-पिता को शक हुआ. उन्होंने उसे डांटते हुए समझाने की कोशिश की. पुलिस के अनुसार, इसके बाद छात्रा परेशान हो गई और 9 सितंबर को घर छोड़कर चली गई. वह बोल्लारम रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां उसकी मुलाकात एक युवक से हुई.
आरोप है कि युवक ने अपने एक दोस्त की मदद से छात्रा को अपने जाल में फंसाया. इसके बाद दोनों ने उसे नशीला पदार्थ दिया और कथित तौर पर अलग-अलग उसके साथ रेप किया. बाद में छात्रा को किसी दूसरी जगह ले जाया गया, जहां दो अन्य युवकों ने भी कथित तौर पर उसके साथ यौन अपराध किया.
घर में बंधक बनाने का भी आरोप
पुलिस के अनुसार, रेलवे स्टेशन पर मिले युवक ने बाद में छात्रा को बोल्लारम स्थित अपने घर ले जाकर बंधक बना लिया. हालांकि, छात्रा किसी तरह वहां से निकलने में कामयाब रही और वापस रेलवे स्टेशन पहुंची.
आरोप है कि युवक दोबारा वहां पहुंचा और अपने एक साथी की मदद से छात्रा को मेडचल रेलवे स्टेशन ले गया. वहां ट्रेन में भी उसके साथ कथित तौर पर रेप किया गया. इसके बाद आरोपी मलकाजगिरी की ओर चले गए.
घर लौटकर माता-पिता को बताई पूरी घटना
आरोपियों से बचने के बाद छात्रा 10 सितंबर को अपने घर पहुंची. उसने माता-पिता को अपने साथ हुई पूरी घटना बताई. इसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर अलवाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस ने इस मामले में कथित तौर पर शामिल आठ युवकों को हिरासत में लिया है. सभी से पूछताछ की जा रही है.
No comments