मथुरा में महिलाओं ने साधु को लाठी-डंडों से पीटा, लात-घूसे बरसाए, महिलाओं को फंसाकर बनाता था वीडियो.
मथुरा के वृंदावन में एक साधु की महिलाओं द्वारा पिटाई का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। आरोप है कि साधु विधवा और निसंतान महिलाओं को अपने जाल में फंसाता था। महिलाओं का दावा है कि वह उनके साथ शारीरिक संबंध बनाता और बाद में आपत्तिजनक वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करता था।
महिलाओं ने साधु को वृंदावन के एक गेस्ट हाउस में घेर लिया। इसके बाद उसे कमरे से बाहर खींचकर लाया गया और लाठी-डंडों, चप्पलों और लात-घूंसों से पीटा। पुलिस ने आरोपी साधु को हिरासत में ले लिया है और एक महिला की शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
7 महीने पहले दर्ज हुई थी शिकायत:
मामले में भोपाल की रहने वाली एक महिला ने करीब सात महीने पहले राजस्थान पुलिस से शिकायत की थी। महिला के मुताबिक, उसकी मुलाकात सवाई माधोपुर निवासी साधु हिम्मत गिरी उर्फ हेमंत राज मीणा (50) से चित्तौड़गढ़ के एक देवी मंदिर में हुई थी। महिला का आरोप है कि मुलाकात के बाद साधु ने उससे संपर्क बढ़ाया और उसे अपने जाल में फंसा लिया। इसके बाद उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर मारपीट करने का भी आरोप लगाया गया है। महिला ने इस मामले की शिकायत चित्तौड़गढ़ थाने में की थी। शिकायत के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया था।
वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप:
महिला का दावा है कि साधु सिर्फ उसके साथ ही नहीं, बल्कि कई अन्य महिलाओं के साथ भी इसी तरह संपर्क बनाता था। आरोप है कि वह महिलाओं को अपने विश्वास में लेकर उनके साथ संबंध बनाता और फिर आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड कर लेता था। इसके बाद इन वीडियो के जरिए महिलाओं को बदनाम करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किए जाने का आरोप है। महिलाओं का कहना है कि बदनामी के डर से कई पीड़िताएं सामने नहीं आ सकीं।
फेसबुक के जरिए भी संपर्क करने का आरोप:
एक अन्य महिला ने आरोप लगाया कि उसकी पहचान आरोपी साधु से फेसबुक के जरिए हुई थी। महिला के मुताबिक, साधु अलग-अलग नामों से महिलाओं से संपर्क करता था और खासतौर पर विधवा तथा निसंतान महिलाओं को निशाना बनाता था। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और उसके बाल पकड़कर खींचे। महिलाओं का दावा है कि शिकायतों से बचने के लिए साधु लगातार अपनी जगह बदलता रहा।
महिलाओं ने मिलकर बनाई पकड़ने की योजना:
आरोपी को पकड़ने के लिए कुछ महिलाओं ने विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के पदाधिकारियों से संपर्क किया। मथुरा महानगर गोरक्षा प्रमुख लक्ष्मण सिंह के मुताबिक, महिलाओं और कार्यकर्ताओं ने मिलकर आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई। आरोपी से संपर्क कर उसे वृंदावन बुलाया गया। वह चैतन्य बिहार स्थित एक गेस्ट हाउस में ठहरा था। जैसे ही महिलाओं को उसके वहां होने की जानकारी मिली, वे गेस्ट हाउस पहुंच गईं। इसके बाद महिलाओं ने आरोपी को कमरे में घेर लिया। किसी ने उसके बाल पकड़कर खींचे तो किसी ने चप्पल से पिटाई की। कुछ महिलाओं ने लाठी-डंडों से भी उसे पीटा। बाद में उसे कमरे से खींचकर गेस्ट हाउस के बाहर लाया गया।
पुलिस ने हिरासत में लिया:
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और साधु हिम्मत गिरी को हिरासत में लेकर वृंदावन कोतवाली ले गई। वृंदावन कोतवाली में तैनात इंस्पेक्टर क्राइम धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि एक महिला ने शिकायत दी है। शिकायत के अनुसार आरोपी राजस्थान का रहने वाला है और पीड़िता मध्य प्रदेश की रहने वाली है। घटना राजस्थान में होने की बात कही गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को पकड़ने के लिए उसे वृंदावन बुलाया गया था। अब महिला की शिकायत और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

No comments