Recent Posts

Breaking News

दामाद की एक कॉल पर कांप उठे ससुर के हाथ-पांव... तुम्हारी बेटी को मार दिया है, पत्नी की हत्या कर घर में लगाया ताला

दामाद की एक कॉल पर कांप उठे ससुर के हाथ-पांव... तुम्हारी बेटी को मार दिया है, पत्नी की हत्या कर घर में लगाया ताला

औरैया। शराब पीने की लत में पति ने पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। गले, मुंह और नाक को अंगौछे से कस दिया। दम घुटने के बाद घर के बाहरी गेट पर ताला डालकर खेत पर अपने ससुर को चाबी देकर बोला कि 'जाकर देख लो तुम्हारी बेटी को मार डाला है'।

हर सुनते ही ससुर के हाथ-पैर कांप गए।

वह घर पहुंचे और ताला खोलकर अंदर देखा तो बेटी कमरे में मृत पड़ी थी। पिता की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, बाइक से भाग निकले आरोपित पति की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू किए। वारदात शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे बेला थाना क्षेत्र के पट्टी ज्ञानी गांव में हुई।

35 वर्षीय रेखा देवी कन्नौज जनपद के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र अचनकापुर गांव निवासी पति प्रमोद कुमार के स्वजन के साथ नहीं रहती थी। तीन बच्चों में 11 वर्षीय युवांश, छह वर्षीय सत्यम और चार साल का अंकित है। पति अपने घर को छोड़ अपनी ससुराल में रह रहा था।

रेखा के पिता तेजराम के अनुसार प्रमोद शराब पीने का आदी था और इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता था। आरोप है कि उसने रेखा की हत्या कर दी। वारदात के समय दो बच्चे गांव में ही अपनी बुआ के घर पर थे, जबकि एक बेटा बाहर खेल रहा था। तीनों को क्या पता था कि वह जब घर आएंगे तो उनकी मां हमेशा के लिए खामोश मिलेगी।

वारदात की जानकारी पर एसपी अभिषेक भारती, बिधूना पुलिस क्षेत्राधिकारी पी पुनीत मिश्र, बेला थानाध्यक्ष अमर बहादुर सिंह के साथ फोरेंसिक टीम पहुंची। साक्ष्यों को संकलित किया। एसपी ने बताया कि हत्यारोपित की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गई हैं। दूसरी ओर घटना के संबंध में प्रमोद के स्वजन से भी संपर्क किया जा रहा है।

आरोपित की तलाश में टीमें गठित

महिला के पिता ने अपने दामाद के खिलाफ तहरीर दी है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। आरोपित के मोबाइल फोन को भी ट्रेस किया जा रहा है।

घटना पता लगने पर लोगों की लगी भीड़

घटना पता लगने के बाद आस पड़ोस में रहने वाले लोगों की भीड़ घर के बाहर लग गई। बुआ भी दोनों बच्चों को लेकर घर पहुंची। बेटी की मौत पर बिलख रहे तेजराम को पुलिस ने ढांढस बंधाया। आरोपित को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया गया।

अक्सर दंपती के बीच होता था विवाद

पिता ने पुलिस को बताया कि अक्सर बेटी और दामाद के बीच झगड़ा होता था। शराब पीने के लिए वह रुपयों की मांग भी करता था। जो पूरी न होने पर मारपीट पर उतर आता था। कई बार समझाया लेकिन दामाद ने एक न सुनी और यह दिन दिखा दिया।

चर्चा रही कि अपने घर से आया था प्रमोद

ग्रामीणों में कुछ लोगों के बीच चर्चा रही कि प्रमोद अपने घर से अपनी ससुराल आया और उसने घटना को अंजाम दिया। फिलहाल, पुलिस द्वारा इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी। पुलिस हर पहलुओं पर छानबीन कर रही है।

No comments