Recent Posts

Breaking News

'तुम मेरी नहीं हुई तो किसी और की भी नहीं होने दूंगा' मधेपुरा में देवर ने भाभी को चाकू से गोदा, दोनों में था प्‍यार

'तुम मेरी नहीं हुई तो किसी और की भी नहीं होने दूंगा' मधेपुरा में देवर ने भाभी को चाकू से गोदा, दोनों में था प्‍यार


Madhepura Sister In Law Murder Love Affair: मधेपुरा जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत रूपौली पंचायत में सोमवार की शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है।

यहां चार साल से चल रहे अवैध संबंध और देवर-भौजाई के रिश्ते के विवाद में 35 वर्षीय महिला की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई।

मृतका की पहचान सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के बुढ़ावे गांव निवासी सुमन ऋषिदेव की पत्नी भाग्यमनी देवी (35) के रूप में की गई है। घटना के बाद ग्रामीणों की तत्परता से भाग रहे आरोपी प्रेमी को पुलिस ने मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है।

  • मधेपुरा जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत रूपौली पंचायत स्थित बैंगा धार के समीप 35 वर्षीय महिला की चाकू से गोदकर हत्या

  • मृतका की पहचान सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के बुढ़ावे गांव निवासी सुमन ऋषिदेव की पत्नी भाग्यमनी देवी (35) के रूप में हुई

  • 4 साल से चल रहे प्रेम प्रसंग में साथ रहने से इनकार करने पर आरोपी देवर भावेश कुमार (19) ने दिया खौफनाक वारदात को अंजाम

  • पंजाब से 5 दिन पूर्व लौटा था आरोपी; पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त खून से सना चाकू बरामद कर आरोपी को किया गिरफ्तार

पुलिस ने उसके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया खून से सना चाकू भी बरामद कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर भाग्यमनी देवी अपने घर से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर रूपौली गांव के पास स्थित बैंगा धार में मछली पकड़ने गई हुई थी।

इसी दौरान उसका प्रेमी व रिश्ते में देवर लगने वाला भावेश कुमार (19), पिता फुलकित ऋषिदेव, वहां आ धमका। भावेश महिला पर अपने साथ रहने का लगातार दबाव बना रहा था।

जब महिला ने उसके साथ जाने से साफ इनकार कर दिया, तो दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। इसी बीच गुस्से में आकर भावेश ने "तुम मेरी नहीं हुई तो किसी और की भी नहीं होने दूंगा" कहते हुए चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस की कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी भावेश कुमार ने अपना गुनाह कबूल करते हुए कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि वह पिछले चार वर्षों से भाग्यमनी से प्यार करता था और हाल के दिनों में पंजाब में मजदूरी कर रहा था।

महिला के ही फोन कर बुलाने पर वह पांच दिन पहले गांव लौटा था। वह महिला को अपने साथ रखना चाहता था, लेकिन वह तैयार नहीं हो रही थी। सोमवार सुबह ही उसने सिंहेश्वर बाजार से एक नया चाकू खरीदा था। दोपहर में जब वह महिला के घर पहुंचा और पता चला कि वह बैंगा धार की तरफ गई है, तो वह सीधे वहीं पहुंच गया और वारदात को अंजाम दे डाला।

स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, मृतका का पति सुमन ऋषिदेव जीविकोपार्जन के लिए दूसरे प्रदेश में रहकर मजदूरी करता है, जबकि महिला गांव में अकेली रहती थी। दोनों पति-पत्नी के रिश्ते पहले से ठीक नहीं चल रहे थे।

महिला के दो बच्चे हैं, जिनमें से एक बच्चा उसके पति के साथ रहता है। भावेश और भाग्यमनी के बीच चल रहे प्रेम प्रसंग को लेकर गांव में पूर्व में कई बार विवाद हुआ था और सामाजिक स्तर पर पंचायत भी बुलाई गई थी, लेकिन मामला शांत नहीं हुआ।

गम्हरिया के थानाध्यक्ष राघव शरण ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि "हत्या के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। वारदात में प्रयुक्त चाकू जब्त कर लिया गया है तथा साक्ष्य जुटाने के लिए घटनास्थल पर फोरेंसिक (FSL) टीम को बुलाया गया है।"

No comments