Recent Posts

Breaking News

'पहले घर बनाओ'. सुनते ही पति का फूटा गुस्सा, नालंदा में बच्चों के सामने पत्नी को मारी गोली; बाइक खरीदना चाहता था आरोपी..

  

'पहले घर बनाओ'. सुनते ही पति का फूटा गुस्सा, नालंदा में बच्चों के सामने पत्नी को मारी गोली; बाइक खरीदना चाहता था आरोपी


Nalanda Murder: बिहार के नालंदा जिले के हरनौत में बाइक खरीदने को लेकर शुरू हुआ पति-पत्नी का विवाद खूनी वारदात में बदल गया. पति मन्नू कुमार उर्फ लड्डू मांझी बाइक खरीदने पर अड़ा था, जबकि पत्नी कांति देवी का कहना था कि परिवार की जरूरत को देखते हुए पहले घर बनाया जाए.


इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और शुक्रवार की सुबह महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई.

घटना हरनौत के कल्याण बिगहा थाना क्षेत्र के कोलावां गांव की है. मृतका कांति देवी की उम्र करीब 26 वर्ष बताई जा रही है. वह पांच बेटियों की मां थी. पुलिस ने हत्या के आरोप में उसके पति मन्नू कुमार उर्फ लड्डू मांझी को गिरफ्तार कर लिया है. उसके पास से एक हथियार भी बरामद किया गया है.

परिजनों के मुताबिक, मन्नू कुमार करीब दो महीने पहले दरभंगा स्थित ईंट-भट्ठे पर काम करने के बाद घर लौटा था. बताया जाता है कि काम के दौरान उसके पास कुछ पैसे जमा हुए थे. इन्हीं पैसों से वह बाइक खरीदना चाहता था. दूसरी ओर, पत्नी कांति देवी का कहना था कि परिवार के लिए पहले घर बनाया जाए. बाइक बाद में भी खरीदी जा सकती है. इसी मुद्दे को लेकर गुरुवार को दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई. विवाद बढ़ा तो मारपीट भी हुई, रात तक घर में तनाव का माहौल बना रहा.

बच्चे के सामने सिर में मारी गोली

बताया जाता है कि शुक्रवार की सुबह एक बार फिर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ. इसी दौरान आरोपी पति ने बच्चों के सामने कांति देवी के सिर के पीछे सटाकर गोली मार दी. गोली सिर को आरपार करते हुए आगे की तरफ आंख के पास से निकल गई. गोली लगते ही महिला की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद घर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

हत्या के बाद भागने की कोशिश

वारदात के बाद आरोपी पति के वहां से निकलने की सूचना पुलिस को मिली. इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की और ग्रामीणों की मदद से आरोपी को पकड़ लिया. उसके पास से एक हथियार बरामद किया गया है. पुलिस इसे वारदात में इस्तेमाल हथियार मानकर इसकी जांच कर रही है. सूचना मिलते ही कल्याण बिगहा ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची. घटनास्थल की जांच के लिए FSL की टीम को बुलाया गया, जिसने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया.

पांच बेटियों के सिर से उठा मां का साया

कांति देवी की हत्या के बाद परिवार में मातम पसरा है. पांच बेटियों की मां की इस तरह मौत से परिजन सदमे में हैं. जिस घर में बाइक खरीदने और घर बनाने की जरूरत को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हुआ था, वहीं अब एक महिला की हत्या के बाद चीख-पुकार मची है. कल्याण बिगहा ओपी प्रभारी निशा भारती ने बताया कि महिला की गोली मारकर हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार किया है. प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है. पुलिस हत्या की वजह, वारदात के पूरे घटनाक्रम और बरामद हथियार से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है.

No comments